भिवानी-हांसी बस हादसा: आग में जिंदा जले 2, DNA से पहचान की कोशिश
Bhiwani-Hansi Bus Fire
हरियाणा के भिवानी से हांसी जा रही एक प्राइवेट बस में सोमवार रात अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। मिलकपुर गांव के पास हुए इस हादसे में 2 लोग जिंदा जल गए, जबकि 11 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे में जले एक शव को गांव बड़सी निवासी सीआईडी पुलिसकर्मी सुनील का माना जा रहा है, लेकिन शव बुरी तरह जलने के कारण पहचान संभव नहीं हो पाई है। ऐसे में परिजनों को हिसार बुलाकर डीएनए सैंपल लिया गया है, ताकि वैज्ञानिक जांच के जरिए पहचान सुनिश्चित की जा सके।
सुनील के भाई अनिल के मुताबिक, वह बवानीखेड़ा में गुप्तचर विभाग में तैनात था और रोजाना मिलकपुर तक सरकारी बस से आकर अपनी कार से घर लौटता था। सोमवार शाम 7:28 बजे के बाद से उसका फोन बंद है, जिससे परिवार में चिंता बढ़ गई है।
इसी बीच एक अन्य परिवार भी सामने आया है, जिसका सदस्य भी सोमवार रात से लापता है और वह हिसार के एक निजी अस्पताल में कार्यरत बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बस में मिले दोनों शव इन्हीं दो लोगों के हो सकते हैं।
मामले की जांच कर रहे एएसआई नीर सिंह के अनुसार हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर कुछ लोग इसे बिजली गिरने से जोड़ रहे हैं, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से जांच जारी है।
फिलहाल यह हादसा रहस्य बना हुआ है और मृतकों की पहचान व आग लगने के असली कारण का पता लगाने के लिए सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।