भरतपुर सड़क हादसा: घर पहुँचने से पहले ही थम गईं 18 वर्षीय दीपक की सांसें; अनियंत्रित वैन गेट से टकराई

भरतपुर सड़क हादसा: घर पहुँचने से पहले ही थम गईं 18 वर्षीय दीपक की सांसें; अनियंत्रित वैन गेट से टकराई

Bharatpur Road Accident

Bharatpur Road Accident, भरतपुर में डीग-भरतपुर मार्ग पर गुरुवार रात करीब 8 बजे एक भयानक सड़क हादसा हो गया. एक मारुति वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गेट से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में 18 वर्षीय दीपक कोली की मौत हो गई. दीपक कामां के हाट-बाजार से दिनभर की मेहनत के बाद घर लौट रही थी. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वैन के मलबे से लहूलुहान दीपक को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घर का सहारा था दीपक  

हादसे की आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास के लोग दहल उठे. थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने बताया कि मृतक दीपक कोली मोरी मोहल्ले का निवासी था. दीपक हाट-बाजारों में रेडीमेड कपड़े बेचकर घर का खर्च चलाता था. गुरुवार को भी वह कामां के हाट से व्यापार कर लौट रहा था. लेकिन घर पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया. दीपक के जाने से उसके परिवार की आमदनी पर संकट आ गया है.

हादसे का पता लगाने में जुटी पुलिस

जैसे ही हादसे की खबर मोरी मोहल्ला पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया. जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर महिलाओं समेत परिजनों के आंसूओं ने हर किसी का कलेजा चीर दिया. दीपक के परिवार और मोहल्ले वालों में शोक की लहर है. पुलिस अब गाड़ी के अचानक अनियंत्रित होने और दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है. हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है.