बागपत: दुष्कर्म के प्रयास में महिला हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मी निलंबित

बागपत: दुष्कर्म के प्रयास में महिला हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मी निलंबित

Baghpat: Accused of murdering a woman

Baghpat: Accused of murdering a woman

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सूरजपुर महनवा गांव के पास दुष्कर्म के प्रयास में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक नशेड़ी को गिरफ्तार किया गया है। घटना में 150 लोगों से पूछताछ की गई गई थी और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए थे। घटना में तीन पुलिसकर्मियों को भी निलंबित कर दिया गया था।

घटना जिले में 11 फरवरी को बागपत कोतवाली क्षेत्र के सूरजपुर महनवा गांव के पास हुई थी। सूरजपुर महनवा गांव निवासी बाबूराम ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस घटना को लेकर लोगों में काफी रोष था। कई दिन तक हंगामा चला। लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया।

11 दिन बाद बागपत पुलिस की पकड़ में आया आरोपी

एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने मामले की गंभीरता को लेते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी। घटना के खुलासे में चार इंस्पेक्टर सहित 16 पुलिसकर्मियों को लगाया था। 11 दिन की कड़ी मेहनत के बाद बागपत पुलिस ने घटना में आरोपी को गिरफ्तार किया।

कोर्ट में सरेंडर करने से पहले पकड़ा गया आरोपी

एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने सोमवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा डेढ़ सौ लोगों से पूछताछ की,100 से ज्यादा कैमरा देखे गए। सर्विलांस की टीम द्वारा घटनास्थल से एक मोबाइल नंबर की लोकेशन उठाई, जिसकी जांच पड़ताल की गई। जांच के आधार पर एक व्यक्ति को उठाया गया, जो आरोपी का भाई था। पुलिस को घर तक आता देख आरोपी राजेश पुत्र रोहतास सतर्क हो गया। इससे पहले की पुलिस आरोपी को पकड़ पाए, आरोपी कोर्ट में सरेंडर करने के प्रयास में जुट गया, लेकिन क्राइम ब्रांच पुलिस द्वारा उसको दबोच लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया है।

नशे में दिया घटना को अंजाम

पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और घटनास्थल क्षेत्र में घूमता रहता है। घटना की शाम को भी उसकी लोकेशन घटनास्थल पर मिली थी। नशे की हालत में आरोपी ने महिला को अपनी हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया। उसके कपड़े उतार दिए। जिसके बाद उनकी गला दबाकर हत्या कर दी।

28 माह की काट चुका है जेल

आरोपी का नाम राजेश पुत्र रोहताश है, जो टटीरी का रहने वाला है। पत्नी से झगड़े के विवाद में वह दिल्ली तिहाड़ जेल में 22 महीने और 6 महीने मंडोली जेल में काट चुका है। क्षेत्र में भी उनकी आम शोहरत अच्छी नहीं है।

बागपत एसपी ने टीम को 25 हजार का इनाम दिया

एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने बताया है कि महिला हत्या मामले में पुलिस को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। हत्या के बारे में 150 लोगों से पूछताछ हुई। सीसीटीवी कैमरों से भी मदद नहीं मिली। टीम ने अच्छा काम किया है। एक ब्लाइंड केस को खोला है। टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जा रहा है।