गुमला में खाकी शर्मसार: नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में ASI मनोज पासवान गिरफ्तार
ASI Manoj Paswan Arrested on Charges of Raping
गुमला। ASI Manoj Paswan Arrested on Charges of Raping, झारखंड के गुमला जिले से खाकी को शर्मसार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक नाबालिग लड़की के साथ जबरन दुष्कर्म करने, उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मनोज पासवान को रांची से गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता द्वारा गुमला महिला थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मंगलवार शाम आरोपी एएसआई को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
होटल के कमरे में बनाया था अश्लील वीडियो, विरोध करने पर दी धमकी
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यह पूरा मामला साल 2017 से शुरू हुआ था। उस समय पीड़िता की उम्र महज 16 वर्ष थी और वह नाबालिग थी। आरोपी मनोज पासवान ने पीड़िता की मां से एक इंश्योरेंस पॉलिसी कराई थी, जिसके बाद उसका पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हो गया। वह अक्सर पीड़िता से फोन पर भी बात करने लगा था।
साल 2017 में ही आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर गुमला के पटेल चौक के पास बुलाया और वहां से उसे एक होटल के कमरे में ले गया। होटल में आरोपी ने नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया।
इसके बाद वह उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता का यौन शोषण करता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शारीरिक संबंध बनाने के दौरान आरोपी उस पर जबरन मुस्कुराने का दबाव बनाता था और वीडियो रिकॉर्ड करता था।
पीड़िता की मां को बुलाकर थूक चटवाया, छोटी बहन को भी दी धमकी
इस काली करतूत की जानकारी जब पीड़िता की मां को हुई, तो उन्होंने मनोज पासवान से मिन्नतें कीं और वीडियो डिलीट करने को कहा। इस पर आरोपी ने पीड़िता की मां को गुमला के एक पार्क में बुलाया।
वहां उसने क्रूरता और दबंगई की सारी हदें पार करते हुए पीड़िता की मां से जमीन पर थूक कर चटवाया। इसके बावजूद उसने अश्लील वीडियो डिलीट नहीं किया। हाल के दिनों में आरोपी का हौसला इतना बढ़ गया था कि उसने पीड़िता की छोटी बहन के साथ भी गलत हरकत करने की धमकी देनी शुरू कर दी थी।
दो दिन पहले जब वह अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, तब वर्तमान में 25 वर्षीय पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी एएसआई का विवादों से पुराना नाता, दो महीने पहले ही आया था जेल से बाहर
गिरफ्तार एएसआई मनोज पासवान का विवादों और अपराध से पुराना नाता रहा है। वह पहले भी इस तरह की घिनौनी हरकतों में शामिल रहा है। करीब आठ महीने पहले भी उसे गुमला स्थित उसके सरकारी क्वार्टर से अन्य महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था।
उस मामले में भी उसे विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ा था और वह जेल में बंद था। वह महज दो महीने पहले ही जमानत (बेल) पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने पुराना वीडियो वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा सलाखों के पीछे भेज दिया है।