अमृतसर: 6 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार; दुबई से जुड़ा नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का खुलासा

अमृतसर: 6 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार; दुबई से जुड़ा नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का खुलासा

Amritsar: Smuggler arrested with 6 kg of heroin; Dubai-linked network

Amritsar: Smuggler arrested with 6 kg of heroin; Dubai-linked network,

अमृतसर। पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने छह किलो हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान जंडियाला गुरु के वैरोवाल रोड निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित दुबई में बैठे हैंडलर अंतरप्रीत सिंह के निर्देशों पर काम कर रहा था। यह हैंडलर नशा तस्करी के कई मामलों में वांछित बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि यह मामला एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

सूचना के बाद पुलिस ने बिछाया ट्रैप

जांच के अनुसार लवप्रीत सिंह विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप लेकर उसे आगे सप्लाई करता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह हाल ही में हेरोइन की बड़ी खेप लेकर अमृतसर-जालंधर मार्ग पर अड्डा मानावाला के पास किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने वाला है। सूचना मिलते ही काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी और कार्रवाई शुरू की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक कार को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से छह किलो हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद मौके पर ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया।

एसएसओसी में मामला दर्ज, जांच शुरू

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इस मामले में आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और किन-किन क्षेत्रों में इसकी गतिविधियां फैली हुई हैं।

इस संबंध में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में मादक पदार्थ निरोधक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि आने वाले समय में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नशा तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।