Amit Shah in Lok Sabha| पूर्ण बहुमत से नरेंद्र मोदी फिर बनेंगे PM; लोकसभा में अमित शाह की हुंकार

पूर्ण बहुमत से नरेंद्र मोदी फिर बनेंगे PM; लोकसभा में अमित शाह की हुंकार, केजरीवाल से कांग्रेस तक, सबको जमकर सुना डाला, VIDEO देखिए

Amit Shah in Lok Sabha Delhi Service (Amendment) Bill 2023

Amit Shah in Lok Sabha Delhi Service (Amendment) Bill 2023

Amit Shah in Lok Sabha: गृह मंत्री अमित शाह ने आज लोकसभा में विपक्षी एकता को ललकार दिया। दरअसल, अमित शाह दिल्ली सर्विस (संशोधन) विधेयक 2023 पर चर्चा करने के लिए खड़े हुए थे। चर्चा के दौरान शाह ने कहा कि, विपक्ष इस बिल के विरोध में एकजुट है। लेकिन उसे यह सोचना चाहिए कि चुनाव जीतने के लिए किसी पक्ष का समर्थन करना या उसका समर्थन हासिल करना ठीक नहीं है और न ही इस तरह से किसी विधेयक का समर्थन या विरोध करना चाहिए।

अमित शाह ने कहा कि, नए गठबंधन बनाने के अनेक प्रकार होते हैं। मगर कोई विधेयक और कानून देश की भलाई के लिए लाया जाता है। इसलिए अगर किसी विधेयक या कानून का विरोध और समर्थन करना है तो देश और दिल्ली की भलाई ध्यान में रखनी चाहिए।

वहीं अमित शाह ने आगे कहा कि, गठबंधन बनाने और चुनाव जीतने के लिए विपक्ष अगर यह सोचता है कि दिल्ली का जो हो, हो जाए। दिल्ली में चाहें जो मंत्री भ्रष्टाचार करे या मुख्यमंत्री करोड़ों का बंगला बनाए। फिर भी हम समर्थन करेंगे तो यह सही नहीं है। शाह ने कहा कि, विपक्ष से मेरा यही कहना है कि गठबंधन की मत सोचिए। दिल्ली की सोचिए। वैसे भी गठबंधन से कोई फायदा नहीं होने वाला है।

अमित शाह ने हुंकार भरते हुए कहा कि, विपक्षी के गठबंधन के बावजूद भी पूर्ण बहुमत से नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। शाह ने कांग्रेस को सुनाते हुए कहा कि, यह मत समझिए कि गठबंधन करके जनता का विश्वास हासिल कर लिया जाएगा। क्योंकि पहले जनता ने विश्वास किया था और UPA की सरकार लाई थी लेकिन 10 साल में जिस हिसाब से 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले करे। उसी का नतीजा है कि आज विपक्ष में बैठना पड़ रहा है।

विधेयक पास होने के बाद गठबंधन में नहीं रहेगी आप

अमित शाह ने दावा किया कि, दिल्ली सर्विस (संशोधन) विधेयक 2023 के चलते आम आदमी पार्टी ने गठबंधन किया है लेकिन जब संसद में विधेयक पास हो जाएगा तो यही आप गठबंधन में साथ नहीं आने वाली। शाह ने कांग्रेस को सलाह दी कि अभी समझ जाइए तो ज्यादा अच्छा है क्योंकि दिल्ली की भ्रस्ट सरकार का साथ देते हुए जनता देख रही है।

भ्रष्टाचार छुपाने के लिए विजिलेंस पर कब्जा चाहती है AAP

अमित शाह ने कहा कि, साल 2015 में दिल्ली में एक ऐसी पार्टी सत्ता में आई जिसका मकसद सिर्फ लड़ना था, सेवा करना नहीं... इस पार्टी की समस्या ट्रांसफर पोस्टिंग करने का अधिकार हासिल करना नहीं है बल्कि जो बंगला बना दिया है उसकी सच्चाई छुपाने के लिए विजिलेंस पर कब्जा चाहिए।

दिल्ली पूर्ण राज्य नहीं है

दिल्ली सर्विस (संशोधन) विधेयक 2023 के विरोध के जवाब में अमित शाह ने कहा कि, दिल्ली पूर्ण राज्य नहीं है और इसलिए यहां कानून बनाने का पूर्ण अधिकार संसद के पास है। केंद्र सरकार दिल्ली के लिए कोई भी कानून ला सकती है। सुप्रीम कोर्ट का आदेश भी इसे ही संदर्भित करता है।

बड़े नेताओं ने दिल्ली को पूर्ण राज्य नहीं बनने दिया

अमित शाह ने कहा कि, बड़े नेताओं ने दिल्ली को पूर्ण राज्य नहीं बनने दिया। दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने का विरोध किया गया। शाह ने बताया कि, दिल्ली को राज्य नहीं बनाने की सिफारिश पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, राजाजी, राजेंद्र प्रसाद और डॉ. अंबेडकर द्वारा की गई थी। ये दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने के विरोध में थे।