सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 13 घायल, CM सैनी ने जताया दुख
- By Gaurav --
- Sunday, 08 Feb, 2026
Major accident at Surajkund fair: Police inspector killed, 13 injured after swing collapses, CM Sain
फरीदाबाद जिले में चल रहे अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में एक झूला गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान बचाव कार्य में जुटे एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा शाम करीब 6:15 बजे हुआ, जब झूला अचानक संतुलन खो बैठा और गिर गया। झूले पर सवार लोग नीचे गिर पड़े, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति वह गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। साथ ही घायलों के समुचित और तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
प्रशासन की ओर से हादसे की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है, जो यह पता लगाएगी कि सुरक्षा इंतजामों में कहां चूक हुई। बताया जा रहा है कि झूले का रोजाना निरीक्षण किया जाता था, इसके बावजूद यह हादसा होना कई सवाल खड़े कर रहा है।