हिमाचल विधानसभा का सत्र 16 फरवरी से, आरडीजी और वित्तीय हालात पर हंगामे के आसार
- By Gaurav --
- Sunday, 08 Feb, 2026
Himachal Assembly session from February 16, likely to witness uproar over
राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने से उत्पन्न हालातों के बीच हिमाचल प्रदेश विधानसभा का सत्र 16 फरवरी से शुरू होगा। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की स्वीकृति के बाद चौदहवीं विधानसभा के ग्यारहवें सत्र को आयोजित करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। सत्र का शुभारंभ 16 फरवरी को अपराह्न 2 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगा।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद शोकोद्गार प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसके उपरांत विधायी कार्य प्रारंभ होंगे। सत्र के दौरान सरकार द्वारा विभिन्न विधेयक पेश किए जाने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
सत्र के दौरान राजस्व घाटा अनुदान और प्रदेश की मौजूदा वित्तीय स्थिति को लेकर विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने के आसार हैं, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन सकती है। प्रदेश के वर्तमान वित्तीय हालात को देखते हुए यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए सभी विधायकों को सूचना भेज दी गई है। वहीं विधानसभा सचिवालय ने सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक इंतजामों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आगामी दिनों में विधानसभा सचिवालय स्तर पर अहम बैठकें आयोजित की जाएंगी।
विधानसभा सत्र को लेकर जारी अधिसूचना में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सत्र कितने दिनों तक चलेगा। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेश शर्मा और विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा लोक भवन पहुंचे। लोक भवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की उपस्थिति में सरकार और विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा भी मौजूद रहे। इस बैठक के दौरान राज्यपाल ने 16 फरवरी से विधानसभा सत्र आयोजित करने की स्वीकृति प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 10 मार्च से शुरू होकर 28 मार्च तक चला था।