HSSC भर्ती 2026: हरियाणा में इस भर्ती का आवेदन शुरु, परीक्षाओं में किरपान व मंगलसूत्र की अनुमति
- By Gaurav --
- Sunday, 08 Feb, 2026
HSSC Recruitment 2026: Last date to apply is February 20, departmental preference will be
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि विज्ञापन संख्या 3/2026 के तहत विभिन्न समूहों के पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से 6 फरवरी से 20 फरवरी रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद वेबसाइट लिंक स्वतः निष्क्रिय हो जाएगी।
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि संबंधित विभागों की वरीयता केवल उन्हीं अभ्यर्थियों से ली जाएगी, जो स्टैनोग्राफी स्किल टेस्ट में सफल घोषित किए जाएंगे। आयोग द्वारा यह प्रक्रिया राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप की जाएगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आयोग द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं में सिख अभ्यर्थियों को निर्धारित मानकों के तहत किरपान पहनने और साथ रखने की अनुमति होगी। किरपान की कुल लंबाई 9 इंच (22.86 सेंटीमीटर) से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि ब्लेड की लंबाई अधिकतम 6 इंच (15.24 सेंटीमीटर) निर्धारित की गई है। ऐसे सिख अभ्यर्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
इसके अतिरिक्त विवाहित महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में मंगलसूत्र पहनने की अनुमति दी गई है। उन्हें परीक्षा के निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
आयोग ने राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप सभी परीक्षा केंद्रों, पर्यवेक्षकों तथा सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।