अमित शाह ने दिल्ली को दी 300 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, हाई-सिक्योरिटी जेल और आधुनिक बस डिपो की भी रखी आधारशिलाv
Amit Shah Flags Off 300 New Electric Buses
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के बेड़े में 300 नई ज़ीरो-एमिशन इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नए बेड़े में 'DEVI' श्रेणी की 195 नौ-मीटर और 105 अत्याधुनिक 12-मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। इन बसों के शामिल होने से दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अमित शाह ने वर्चुअल माध्यम से नरेला में अत्याधुनिक हाई-सिक्योरिटी जेल की आधारशिला भी रखी। 250 से अधिक कैदियों की क्षमता वाली यह जेल आधुनिक तकनीक और वैश्विक सुरक्षा मानकों के अनुरूप विकसित की जाएगी। परियोजना के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगा, जबकि शेष राशि दिल्ली सरकार खर्च करेगी।
नई हाई-सिक्योरिटी जेल में AI आधारित CCTV निगरानी, बॉडी-वॉर्न कैमरे, बायोमेट्रिक एक्सेस कंट्रोल, ऑटोमेटेड लॉकिंग सिस्टम, फुल-बॉडी स्कैनर, X-रे बैगेज स्कैनर, मोबाइल सिग्नल जैमर, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, इन-हाउस कोर्ट कॉम्प्लेक्स, एंटी-टनलिंग तकनीक और अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक कैदी के लिए अलग सेल, शौचालय और स्नानघर की व्यवस्था भी की जाएगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा दिल्ली सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नई लो-फ्लोर, एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बसों में CCTV कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम GPS ट्रैकिंग, पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम और अन्य आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ये बसें प्रदूषण कम करने, वायु गुणवत्ता सुधारने और यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक सफर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
नई बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली के सार्वजनिक बस बेड़े की संख्या बढ़कर करीब 6,600 हो गई है, जिसमें 4,845 इलेक्ट्रिक और 1,755 CNG बसें शामिल हैं। दिल्ली सरकार ने 2028-29 तक 14,000 आधुनिक बसों का बेड़ा तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मजबूत बनाने के लिए नरेला सेक्टर A-1 और A-4, रिठाला तथा कोहाट एन्क्लेव में आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही नंद नगरी DTC डिपो में चार-लेन वाले अत्याधुनिक ऑटोमेटेड व्हीकल फिटनेस टेस्टिंग स्टेशन की भी शुरुआत की गई, जहां बिना मानवीय हस्तक्षेप के भारी, हल्के और दोपहिया वाहनों की फिटनेस जांच की जाएगी।