Ambala Borewell Tragedy: Three Arrested

अंबाला बोरवेल हादसा: 4 वर्षीय निरवैर की मौत मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत

bacha

Ambala Borewell Tragedy: Three Arrested

अंबाला: हरियाणा के अंबाला जिले के गांव धन्यौड़ा में खुले बोरवेल में गिरने से 4 वर्षीय निरवैर सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, न्यायालय में पेश किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को जमानत मिल गई।

पुलिस के अनुसार, अंबाला सदर थाना पुलिस ने दर्ज एफआईआर के आधार पर हरनेक सिंह, दिलप्रीत सिंह और बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया। यह मामला मृतक बच्चे के परिजनों की शिकायत पर दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता गुरदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि हरनेक सिंह और उसके दिवंगत भाई महिंद्र सिंह के संयुक्त खेत हैं, जिन्हें हरनेक सिंह और उसके भतीजे ने गांव के ही दिलप्रीत सिंह और उसके चाचा बलजीत सिंह को ठेके पर दिया हुआ था।

घटना के दिन परिवार का सदस्य करनैल सिंह खेतों में पानी दे रहा था। इसी दौरान मनजीत सिंह अपने चार वर्षीय बेटे निरवैर के साथ खाना लेकर खेत पहुंचा। खेलते समय निरवैर खेत में मौजूद खुले बोरवेल में गिर गया।

बच्चे को बचाने के लिए जिला पुलिस, एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और सेना की टीमों ने कई घंटों तक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लेकिन बोरवेल में पानी भरा होने और कठिन परिस्थितियों के कारण बच्चे को जीवित बाहर नहीं निकाला जा सका। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले में लापरवाही से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल अदालत से उन्हें जमानत मिल चुकी है और मामले की आगे की जांच जारी है।