हिमाचल में आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, भाजपा ने मुख्यमंत्री के नेरवा दौरे पर चुनाव आयोग में शिकायत दी
Allegations of Code of Conduct Violation
शिमला। Allegations of Code of Conduct Violation, हिमाचल प्रदेश भाजपा ने पंचायती राज चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की ओर से नेरवा दौरे के दौरान की वित्तीय घोषणाओं पर राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत दी है। भाजपा के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे शिकायत पत्र में कहा है कि प्रदेश में चुनाव के चलते आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी है।
इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने 27 मई को नेरवा दौरे के दौरान सार्वजनिक मंच से नई वित्तीय घोषणाएं कीं, जो आचार संहिता का उल्लंघन प्रतीत होती हैं।
पांच करोड़ के भवन की घोषणा की
कर्ण नंदा ने शिकायत पत्र में उल्लेख किया है कि मीडिया रिपोर्ट व सार्वजनिक बयानों के अनुसार मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरवा के दौरे के दौरान विद्यालय के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये से नए स्कूल भवन के निर्माण की घोषणा की। विद्यालय से संबंधित अन्य सुविधाओं एवं विकास कार्यों के आश्वासन भी दिए।
यह निर्वाचन नियमों की भावना के विपरीत
भाजपा ने आरोप लगाया कि चुनाव आचार संहिता के बीच नई वित्तीय घोषणाएं करना तथा सरकारी संसाधनों से मतदाताओं को प्रभावित करने वाले वक्तव्य देना निर्वाचन नियमों की भावना के विपरीत है। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष जांच करवाने तथा आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई करने की मांग की है।