यूपी के सभी थानों की CCTV से होगी लाइव निगरानी, योगी ने सेंट्रल डैशबोर्ड बनाने के दिए निर्देश
All police stations in UP to be monitored live via CCTV
लखनऊ। पुलिस रेडियो मुख्यालय के दो नये केन्द्र बनेंगे। इसका पूर्वी मुख्यालय आजमगढ़ और पश्चिमी अलीगढ़ में होगा। डीआइजी के पास कमान होगी। अब रेडियो कार्मिकों की चरित्र पंजिका जिले के एसपी लिखेंगे।
अभी रेडियो अधिकारी चरित्र पंजिका लिखते हैं। इसके अतिरिक्त थानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की निगराने के लिये सेंट्रल डैशबोर्ड बनेगा। कारागारों की निगरानी के लिए पहले ही सेंट्रल डैशबोर्ड है।
रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस की लोकेशन, मूवमेंट और संचार की गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें तकनीकी सेंधमारी नहीं होनी चाहिए। पुलिस रेडियो नेटवर्क को तकनीकों से सशक्त किया जाये। दूरस्थ क्षेत्रों तक निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
मुख्यमंत्री ने पुलिस थानों की सीसीटीवी फुटेज की लाइव मॉनिटरिंग के लिये सेंट्रल डैशबोर्ड विकसित करने का निर्देश दिया है। कहा कि इससे कानून व्यवस्था की निगरानी प्रभावी और पारदर्शी होगी। पर्यवेक्षण और निगरानी के लिये विभागीय ढांचे को और मजबूत किया जाये।
डीआईजी रेडियो पूर्वी का मुख्यालय आजमगढ़ तथा डीआईजी रेडियो पश्चिमी का मुख्यालय अलीगढ़ में स्थापित किये पर विचार किया जाये। रेडियो कार्मिकों की चरित्र पंजिका संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों से सत्यापित कराने तथा वायरलेस सेटों को निष्प्रयोजन घोषित करने से पहले तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
वित्तीय वर्ष में संचार उपकरणों की खरीद के अंतर्गत थानों के लिए 275 फ्लैट बेस मास्ट, 5322 बैटरियां, 120 बैकपैक सेट तथा केबल, चार्जर और एंटीना सहित अन्य सहायक उपकरण खरीदे गये। आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत 50 पीए सिस्टम स्थापित हुये। रिवर्स आक्शन से उपकरणों की खरीद में 1.23 करोड़ रुपये की बचत हुई।