अखिलेश ने साधा निशाना, बोले-भाजपा में सरकार बनाम संगठन की लड़ाई'
Akhilesh Yadav targets BJP
लखनऊ। Akhilesh Yadav targets BJP: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चंदा-दान चोरों का गिरोह जनाक्रोश का सामना नहीं कर पा रहा है। इसीलिए चुपचाप बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के डबल इंजन चल नहीं रहे, टकरा रहे हैं। इनमें सत्ता का संघर्ष चल रहा है।
अगर चढ़ावा चोरी की जांच ईडी, सीबीआइ, इनकम टैक्स करता तो जांच दिल्ली वालों के हाथ में होती, रिपोर्ट उनके पास जाती। दिल्ली वाले जब तक सोचते, तब तक लखनऊ वालों ने एसआइटी बना दी, अब रिपोर्ट इनके पास आएगी।
उन्होंने सपा पर उठाए जा रहे प्रश्नों को लेकर कहा कि चोरों को सब चोर नजर आते हैं। इंटरनेट मीडिया पर हमारे खिलाफ जो दुष्प्रचार चल रहा है, सपा कार्यकर्ता उस पर एफआइआर लिखाएंगे।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर में खजाना देख कर सत्ता में बैठे लोग अंधे हो गए हैं। सारी लक्ष्मण रेखा पार कर गए हैं।
पूरे विश्व के राम भक्त, सनातनी, साधु-संत, सर्वोच्च न्यायालय, लोकसभा अध्यक्ष, अयोध्या वासी और पीडीए समाज घटना का संज्ञान ले। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को लेकर कहा कि उनके आगमन पर कर्फ्यू जैसी स्थिति रही।
भाजपा संगठन और सरकार में झगड़ा है। जब कोई काम नहीं था तो चाय पीने चले गए। गुटबाजी देखते हुए आम खाने गए थे। भाजपा सरकार ने लखनऊ में कोई काम नहीं किया, जिसे बता और दिखा सकें। लखनऊ में दिखाई दे रहे सभी बड़े प्रोजेक्ट समाजवादी सरकार में बनाए गए।
उन्होंने कहा कि इस बार विधान सभा चुनाव में लखनऊ के कई भाजपाई अपना क्षेत्र बदलने की तैयारी कर रहे है। वे जहां से लड़ेंगे, सपा उन्हें वहीं हराएगी। चीन के अतिक्रमण के प्रश्न पर कहा कि सीमा पर खतरा बढ़ता जा रहा है। आजादी के पहले और आजादी के बाद चीन ने भारत की सबसे ज्यादा जमीन छीनी है।
सीमा पर सबसे ज्यादा उल्लंघन चीन की सेना ने किया है, लेकिन सरकार चुप है। इससे पहले सपा प्रमुख ने सीबीएसई व यूपी बोर्ड के गोरखपुर के मेधावी विद्यार्थियों गौरांश अग्रहरि, सर्वज्ञ मिश्रा, प्रिंस सिंह, अनन्या त्रिपाठी, दिव्या यादव, प्रिया चौहान, आस्था दुबे व सुप्रिया शर्मा को लैपटाप देकर सम्मानित किया।
सपने में आई 270 सीटें
पत्रकार वार्ता के दौरान विधान सभा चुनाव के सर्वे के प्रश्न पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि कल रात मेरे सपने में 270 सीट आई थीं। इसके बाद सपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।