जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- सात महीने से उद्घाटन का इंतजार कर रहा स्कूल भवन, बच्चे किराये के कमरों में पढ़ने को मजबूर
Jairam Thakur attacks the Sukhu government
शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ मंडी के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देयोरी में किराये के चार कमरों में सात कक्षाएं लग रही हैं। दो नालों के बीच बच्चे जान हथेली पर रखकर शिक्षा लेने को मजबूर हैं। दूसरी तरफ स्कूल का बहुमंजिला भवन तैयार होने के बाद भी सात महीनों से 'दिव्य मुहूर्त' का इंतजार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जब शिक्षा मंत्री ने बच्चों की समस्याओं और अभिभावकों की मांग को ध्यान में रखते हुए "धाम और पूरे धूमधाम" से उस विद्यालय का उद्घाटन करना चाहा तो राजधानी से फोन गया कि आप उस विद्यालय का उद्घाटन नहीं कर सकते, रुक जाइए।
कार्यक्रम रोक दीजिए। लोग इकट्ठा हो चुके थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ धाम का भी इंतजाम था। आखिरकार कार्यक्रम रोक दिया गया। मंत्री जी के नाम की उद्घाटन पट्टिका भी लग गई थी, बस उससे पर्दा हटाया जाना बाकी था। जिसे अधिकारियों द्वारा उखड़वा दिया गया।
व्यवस्था परिवर्तन की सरकार में एक शिक्षा मंत्री स्कूल भवन का भी उद्घाटन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि सरकार अपने नंबर बढ़ाने के लिए आलाकमान की नेता प्रियंका गांधी से इस भवन का उद्घाटन करवाना चाह रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सत्ता में आने के बाद से सुक्खू सरकार ने एक झटके में 2000 से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए।
स्कूलों को बंद करने और उन्हें मर्ज करने का सिलसिला अभी भी लगातार चल रहा है। लेकिन एक विद्यालय भवन के उद्घाटन के लिए राजनीति हो रही है, जबकि वहां पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चे किराये के मकान में दो नालों के बीच पढ़ाई करने को विवश हैं और स्कूल का भवन पिछले सात महीनों से किसी वीआईपी नेता द्वारा उद्घाटन होने का मुहूर्त देख रहा है।