ओटीटी से हटते ही ऑनलाइन लीक हुई दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज', शेयर हो रहे पायरेटेड लिंक

ओटीटी से हटते ही ऑनलाइन लीक हुई दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज', शेयर हो रहे पायरेटेड लिंक

Satluj Movie HD Version Leaked

Satluj Movie HD Version Leaked

हैदराबाद: Satluj Movie HD Version Leaked: भारत में जी5 से अचानक हटाए जाने के बाद दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. इस विवाद ने तब एक नया मोड़ ले लिया जब जी5 ने पाइरेसी के खिलाफ एक नई अपील जारी की. इसमें दर्शकों से फिल्म की डाउनलोड की गई कॉपी को शेयर न करने का अनुरोध किया गया है.

बता दें, 'सतलुज' भारत में जी5 से हटाए जाने के कुछ ही समय बाद ऑनलाइन लीक हो गया है. फिल्म का एचडी पायरेटेड वर्जन के सर्कुलेट होने को देखते हुए, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने चिंता जताई है और दर्शकों से पायरेसी को सपोर्ट न करने की अपील की है.

6 जुलाई को जी5 ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. दर्शकों और फैंस से अपील करते हुए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने लिखा है, 'हम सतलुज को वापस लाने के लिए अपना काम कर रहे हैं. प्लीज आप भी अपना काम करें, पाइरेसी को सपोर्ट न करें.'

इसे पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा है, 'हमें उम्मीद है और हम जो कुछ भी कर सकते हैं, कर रहे हैं. प्लीज पाइरेसी को सपोर्ट न करें. हम सतलुज को आपके पास वापस लाने के लिए हर मुमकिन रास्ता खोजने के लिए कमिटेड हैं.'

दिलजीत ने उन लोगों से भी अपील की जिन्होंने फिल्म डाउनलोड की थी कि वे इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ शेयर करें. उन्होंने कहा, 'अब आप इसे आपस में शेयर कर सकते हैं. यह आपकी फिल्म है. लेकिन मुझे खुशी और राहत है कि फिल्म आखिरकार दर्शकों तक पहुंच गई. बहुत से लोगों ने इसे पहले ही डाउनलोड कर लिया है. मैंने राजस्थान का एक वीडियो देखा जिसमें लोग फिल्म देख रहे थे. मुझे बहुत खुशी हुई. प्लीज इसे अपने दोस्तों और अपने आस-पास के सभी लोगों को दिखाएं.'

हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार, 3 जुलाई को बिना किसी प्रचार अभियान के जी5 पर रिलीज हुई थी, लेकिन दो दिनों के भीतर ही इसे हटा दिया गया. हालांकि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने कहा कि वह फिल्म और उसके निर्माताओं के साथ खड़ा है, लेकिन उसने बिना कोई विस्तृत कारण बताए सिर्फ इतना कहा कि 'मौजूदा हालात को देखते हुए' 'सतलुज' को हटा दिया गया है.