मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, 48 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, 48 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Accused who threatened Chief Minister arrested in Ahmedabad

Accused who threatened Chief Minister arrested in Ahmedabad

 

मुंगेर। Accused who threatened Chief Minister arrested in Ahmedabad, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) को जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंगेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर आरोपित को गुजरात के अहमदाबाद जिले के सानंद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

शुक्रवार को एसपी सैयद इमरान मसूद ने प्रेस वार्ता में बताया कि 15 अप्रैल को संग्रामपुर थाने की पुलिस को एक ऑडियो क्लिप मिली। क्लिप में एक व्यक्ति मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

उन्होंने कहा कि मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल जांच शुरू कर दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संग्रामपुर थाना के दरोगा संजय कुमार ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया।

एसपी ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने के बाद आरोपित की पहचान बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के खरौदा निवासी शेखर यादव के रूप में हुई। पहचान होते ही उसके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।

गांव से मिली अहम जानकारी

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम जब आरोपित के गांव खरौदा पहुंची तो स्वजन ने बताया कि शेखर यादव पिछले करीब डेढ़ साल से घर नहीं लौटा है। वह अहमदाबाद में रहकर ट्रक चलाता है। परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर बताई गई।

गांव से मिली सूचना के आधार पर संग्रामपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम गुजरात के लिए रवाना हुई। अहमदाबाद पहुंचकर स्थानीय सानंद थाना पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया और संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आई वजह

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपित ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि 14 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति लगातार उसे फोन कर परेशान कर रहा था। बार-बार कॉल आने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और गुस्से में आकर मुख्यमंत्री को धमकी दे दी।

पहले से भी रहा है विवादों में

एसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बेलहर थाना में पूर्व से ही पारिवारिक विवाद में मारपीट का एक मामला दर्ज है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि आरोपी पहले भी विवादों में शामिल रहा है।

पुलिस आरोपित को अहमदाबाद से मुंगेर लाकर न्यायालय में पेश करेगी। जरूरत पड़ने पर उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना के पीछे कोई और व्यक्ति या साजिश तो नहीं है।