केजरीवाल का दावा- पंजाब में AAP अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी; बोले- 4 साल सरकार चलाने के बाद 'एंटी-इनकंबेंसी' नहीं, हमारे काम चर्चा में
AAP Arvind Kejriwal Two Days Punjab Visit For Assembly Election 2027
Arvind Kejriwal Punjab Visit: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। वहीं पंजाब की सत्ता में मौजूद आम आदमी पार्टी एक बार फिर सरकार बनाने को लेकर पूरे विश्वास में नजर आ रही है। AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 2022 का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी। यानि केजरीवाल का कहना है कि पार्टी न सिर्फ सत्ता में वापसी करेगी बल्कि इस बार पंजाब की ज़्यादातर सीटों पर जीत उसी की ही होगी और विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
पंजाब के 2 दिन के दौरे पर केजरीवाल
बता दें कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के 2 दिन के दौरे पर हैं। आज लुधियाना में सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने यह दावा किया। केजरीवाल ने कहा, "मैं आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के संबंध में पंजाब आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ कई बैठकें करने के लिए दो दिन के पंजाब दौरे पर आया हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि आम आदमी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी।''
4 साल सरकार चलाने के बाद 'एंटी-इनकंबेंसी' नहीं
केजरीवाल ने आगे कहा, ''4 साल की सरकार चलाने के बाद आज पंजाब में AAP सरकार के प्रति लोगों में सकारात्मक भावना है। नहीं तो पंजाब में 4 साल की सरकार चलाने के बाद एंटी-इनकंबेंसी होती है। लेकिन हमारी सरकार के प्रति पूरे पंजाब के अंदर लोगों में 'प्रो-इनकंबेंसी' (सरकार के पक्ष में माहौल) है, न कि 'एंटी-इनकंबेंसी' (सरकार के खिलाफ माहौल)। इसलिए हम आने वाले चुनाव (Punjab Vidhan Sabha Chunav 2027) में हम बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
पंजाब में लोग AAP के कामों की चर्चा कर रहे
वहीं केजरीवाल ने कहा, ''आज पूरे पंजाब लोग आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा किए गए कामों की चर्चा कर रहे हैं, जैसे मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये का हेल्थ बीमा, किसानों के खेतों तक नहरों से पानी। किसानों को दिन में बिजली देना। खेल के मैदानों और सड़कों का निर्माण। और अब अगले कुछ दिनों में 1000-1000 रुपये भी महिलाओं के खातों में आने शुरू हो जाएंगे। केजरीवाल ने कहा किसी भी दूसरी सरकार ने इतना काम नहीं किया। विपक्ष के पास मान साहब को ज़ुबानी तौर पर बुरा-भला कहने के अलावा कोई और एजेंडा नहीं है।''
92 सीटें जीतकर AAP ने सबको चौंकाया
गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने 117 में से 92 सीटों पर कब्जा जमाकर सबको चौंका दिया था। पंजाब में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ी AAP की आंधी ऐसी रही की कई नामी राजनीतिक दिग्गज और पारंपरिक दल अपनी सीट नहीं बचा पाये। आम आदमी पार्टी ने बहुमत से ज्यादा सीटें हासिल कर पंजाब में सरकार बनाई। AAP को जहां 92 सीटों पर जीत मिली तो वहीं कांग्रेस को 18 सीटों पर ही कामयाबी हासिल हो पाई। जबकि शिअद बसपा गठबंधन को चार सीटें और भाजपा को केवल 2 सीटें मिलीं थीं।
यह भी पढ़ें-