PM Modi 7 Appeals: केजरीवाल बोले- पूरा देश इस वक्त सदमे में; PM मोदी की 7 अपीलों पर कहा- अभी देश किस स्थिति में?

केजरीवाल बोले- पूरा देश इस वक्त सदमे में; AAP चीफ ने PM मोदी की 7 अपीलों पर कहा- अभी देश किस स्थिति में, साफ-साफ बताएं

Kejriwal Attacks Over PM Modi 7 Appeals To India Due To Middle East Conflict

PM Modi 7 Appeals: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उन 7 अपीलों को लेकर प्रेस वार्ता की। जिनमें देश के लोगों से पेट्रोल-डीजल कम से कम उपयोग करने, सोना न खरीदने और खाने के तेल में कटौती करने समेत अन्य बातें कही गईं। अब केजरीवाल ने पीएम मोदी की इन्हीं अपीलों को लेकर मांग की है की मोदी सरकार देश की आर्थिक स्थिति का सच देशवासियों के सामने रखे और साफ-साफ ये बताए की आज हम किस स्थिति में खड़े हैं।

केजरीवाल ने कहा, ''हाल ही में प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश बेहद संकट से गुजर रहा है और इस वजह से उन्होंने देश के लोगों से 7 कदम उठाने की अपील की है. जिसमें सरकारी-प्राइवेट दफ्तरों के कर्मियों का Work From Home करना, एक साल सोना न खरीदने की बात, पेट्रोल-डीजल की बचत करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट ज्यादा इस्तेमाल करने की बात, किसानों के लिए फर्टिलाइजर्स का कम से कम इस्तेमाल करने और नेचुरल खेती करने को कहा जाना, विदेश चीजों का कम से कम इस्तेमाल करने पर ज़ोर, कुकिंग ऑयल में 10% की कटौती और विदेशों में घूमने न जाने और वहां शादियां न करने की बात कही है।

केजरीवाल ने कहा, ''1950 के बाद से अब तक हमारे देश में कई बार ऐसा समय आया, जब देश अलग-अलग संकटों से गुजरा। युद्धों का सामना किया, आर्थिक मंदी का सामना किया। लेकिन इतने कठोर कदम आज तक किसी प्रधानमंत्री ने देश वासियों को लेने के लिए नहीं कहे। मुझे याद है कि पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी ने भी एक समय लोगों से कुछ अपील की थी लेकिन ये 7 इतने बड़े कदम लेने को नहीं कहा गया।''

केजरीवाल बोले- पूरा देश इस वक्त सदमे में

केजरीवाल ने कहा, "पूरा देश इस वक्त सदमे में है। इसलिए प्रधानमंत्री से मेरी गुजारिश है। अगर आपने इतने कठोर कदम उठाने के लिए कहा है इसका मतलब अर्थव्यवस्था का काफी बुरा हाल है या आने वाले समय में और बुरा हाल होने का अंदेशा है। देश ये जानना चाहता है कि हम कहां खड़े हैं, अगर हमें देश के लिए कठोर कदम उठाने भी पड़े और कठिनाइयां सहनी पड़ीं, कुर्बानियां देनी पड़ीं तो वो भी करेंगे लेकिन पता तो चले कि ये क्यों हो रहा है, पता तो चले कि अर्थव्यवस्था कहां खड़ी है? प्रधानमंत्री से निवेदन है कि आज हमारी क्या स्थिति है और आने वाले समय में क्या स्थिति होने का अंदेशा है इस पर सारी जानकारी जनता से साझा करें।"

NEET-UG 2026 पेपर लीक पर बयान

इधर केजरीवाल ने NEET-UG 2026 परीक्षा का पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर भी बयान दिया। केजरीवाल ने कहा, ''यह पहली बार नहीं है जब NEET परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। ऐसा चार बार हो चुका है। इसका सीधा सा मतलब है कि इसमें मिलीभगत और राजनीतिक संरक्षण शामिल है। इस देश में आखिर हो क्या रहा है? जो लोग ठीक से एक परीक्षा भी आयोजित नहीं करवा सकते, वे सरकार कैसे चलाएंगे? यह पूरी तरह से मिलीभगत का मामला है। मेरी संवेदनाएं परीक्षार्थियों के साथ हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि यह सरकार सिर्फ़ 'जनआंदोलन' की भाषा समझती है, और केजरीवाल उनके साथ है।"