Murder of a businessman missing for 26 days, threatened to kill his wife too

26 दिन से लापता व्यापारी की हत्या, पत्नी को भी दी मारने की धमकी

Panjipat-Thana

Murder of a businessman missing for 26 days, threatened to kill his wife too

पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में 26 दिन से लापता कपड़ा व्यापारी अशोक की मौत हो गई है। उनकी हत्या की गई है और हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उनका अपना दोस्त है, जिसने रंजिशन वारदात अंजाम दी है। इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो जाने का मानकर अशोक के वापस आने की उम्मीद लगाकर बैठे परिवार का हौंसला तब टूट गया, जब आरोपी ने हत्या करने के 26 दिन बाद खुद मृतक के घर आकर उसकी पत्नी को वारदात का वीडियो दिखाया। वीडियो दिखाने के बाद आरोपी ने धमकी दी की अगर उसके खिलाफ कोई भी कानूनी कार्रवाई करवाएगा तो वह उसका भी यही हाल करेगा। मामले की शिकायत मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, हत्या करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में मृतक अशोक की पत्नी सोनू ने बताया कि वह भारत नगर काबड़ी रोड की रहने वाली है। उसका पति अशोक वेस्ट कपड़ा व्यापारी था। दीपक निवासी गांव करसिन्धू तहसील सफीदों जिला जींद के साथ जून 2021 में उसके पति अशोक का झगड़ा हो गया था। दीपक ने अशोक के साथ घर में ही घुसकर मारपीट की थी, जिसे लेकर माडल टाउन थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया था। दीपक तब से ही अशोक के साथ रंजिश रखने लगा था। 19 दिसंबर 2021 की रात को दीपक घर से अशोक को बुलाकर ले गया था, लेकिन उस रात के बाद अशोक घर नहीं लौटा। 13 जनवरी को दीपक घर आया और मेरे साथ गाली-गलौज करने लगा। गाली-गलौज के दौरान दीपक ने कहा कि उसने अशोक का तो काम तमाम (हत्या) कर दिया था। अगर किसी ने भी उसे यहां आने से रोका तो वह उसका भी यही हाल करेगा। इसके बाद दीपक ने अपने फोन में अशोक की हत्या करते समय की बनाई गई वीडियो दिखाई। वीडियो दिखाने के वक्त दीपक ने कहा कि उसने अशोक की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया है। अगर कोई उसके खिलाफ कार्रवाई कराएगा तो वह उसका भी यही हाल करेगा। उनकी भी हत्या करके शव का पता नहीं लगने देगा।

आरोपी दीपक ने अशोक के परिवार को जो वीडियो दिखाई उसमें था कि दीपक पहले अशोक को नहर किनारे ले गया। नहर किनारे दो युवक पहले से ही बैठे शराब पी रहे थे। दीपक ने अशोक को भी शराब पीने को कहा। मगर अशोक ने मना कर दिया। इसके बाद दीपक उसके साथ शराब पीने के जोर जबरदस्ती करने लगा। लेकिन अशोक ने कहा कि उसे घर जाना है, उसके बच्चे इंतजार कर रहे हैं। मगर किसी तरह दीपक ने अशोक को शराब पिला दी। इसके बाद दीपक ने फोन करके दो युवकों को वहां बुला लिया। उनके वहां आते ही दीपक ने अशोक के गले में बेल्ट डाल दी और पीछे की ओर घसीट लिया। बाकी युवकों ने उससे मारपीट करनी शुरू कर दी। मारपीट के दौरान अशोक के मुंह से खून बहने लगा। रात 11 बजे से 12 तक आरोपी उसकी पिटाई करते रहे, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत हो जाने के बाद आरोपियों ने शव को खुर्द-बुर्द करके नहर में फेंक दिया।

सोनू ने बताया कि जून माह में झगड़ा होने के बाद कुछ समय बाद अशोक ने फिर से दीपक से दोस्त कर ली थी। दोस्ती पर उसने ऐतराज भी जताया था। लेकिन दोनों पहले की ही तरह मिलने जुलने लगे। इसी दोस्ती का फायदा उठाकर दीपक अशोक को घर से बुला ले गया। जब रातभर वह वापस नहीं लौटा तो अगली ही सुबह सोनू ने दीपक से अशोक के बारे में पूछा। जिस पर दीपक ने कहा था कि उसे नहीं पता है दीपक कहां है, क्योंकि वह उनके पास से शराब पीकर तुरंत ही निकल गया था।