12 Arrested in Muzaffarnagar

मुजफ्फरनगर में कथित धर्मांतरण रैकेट पर पुलिस की कार्रवाई, 5 महिलाओं समेत 12 गिरफ्तार

daram

12 Arrested in Muzaffarnagar

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में कथित अवैध धर्मांतरण के आरोपों को लेकर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पहले मामले में मंसूरपुर थाना क्षेत्र से 5 महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में दो आरोपियों की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने बताया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को एक सभा में छापेमारी की। आरोप है कि वहां लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से 3 डायरी, 3 धार्मिक पुस्तकें और 6 मोबाइल फोन बरामद किए। इस मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की संबंधित धाराओं के तहत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जिनमें से 12 को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसएसपी के अनुसार, सभा के लिए स्थान उपलब्ध कराने वाले राशिद और मोनिस फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

एक अन्य मामले में रतनपुरी थाना क्षेत्र के फुलात गांव में हिंदुओं का कथित रूप से इस्लाम में धर्मांतरण कराने के आरोप में मदरसा दारुल उलूम रहीमा के प्रभारी मौलाना हिफ्जुर्रहमान और उनके बेटे जुबैर अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वे फुलात गांव में कथित धर्मांतरण गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।