यूपी के नगरीय स्कूलों में होगी 11,508 शिक्षकों की भर्ती, जल्द शुरू होगी चयन प्रक्रिया

यूपी के नगरीय स्कूलों में होगी 11,508 शिक्षकों की भर्ती, जल्द शुरू होगी चयन प्रक्रिया

1000221218

11,508 teachers will be recruited in urban schools of UP

लखनऊ। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में लंबे समय से चल रही शिक्षकों की कमी अब दूर होने जा रही है। बेसिक शिक्षा परिषद ने नगर क्षेत्र के स्कूलों में 11,508 सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। इसके साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब 10 हजार अनुदेशकों की भर्ती की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

रविवार को आयोजित अनुदेशकों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा कि कुल मिलाकर 20 हजार अनुदेशकों और नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों के शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी। साथ ही संकेत भी दिया कि यदि स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ेगी तो शिक्षक-छात्र अनुपात बनाए रखने के लिए नए शिक्षकों की नियुक्ति भी जरूर होगी।

नगर क्षेत्र के विद्यालयों में लंबे समय बाद बड़ी भर्ती होने जा रही है। इससे पहले वर्ष 2011 से 2016 के बीच सीमित स्तर पर कुछ भर्ती प्रक्रियाएं हुई थीं। उसके बाद नगर क्षेत्र के रिक्त पदों को ग्रामीण क्षेत्रों से तबादले और समायोजन के जरिए भरा जाता रहा। नई सीधी भर्ती लगभग बंद रही।

हालांकि वर्ष 2018 में 68,500 और 69,000 सहायक अध्यापक भर्ती निकली थी, लेकिन वह केवल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के लिए थी। बाद में कई ग्रामीण विद्यालय नगरीय सीमा में शामिल हो गए, जिससे शहरों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी और बढ़ गई। अब 11,508 नए सहायक अध्यापकों की भर्ती से इन विद्यालयों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

सभी 75 जिलों में रिक्त पदों का अधियाचन

नगर क्षेत्र के विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए सभी 75 जिलों से रिक्त पदों का ब्योरा आयोग को भेजा गया है। सबसे अधिक बरेली में 888, कानपुर नगर में 758, मेरठ में 635, अलीगढ़ में 492, सहारनपुर में 448, लखनऊ में 444, गाजियाबाद में 405, आगरा और फर्रुखाबाद में 315-315, मथुरा में 255, बुलंदशहर और फिरोजाबाद में 245-245, जालौन में 232 और अमरोहा में 230 पद शामिल हैं।

इसके अलावा बदायूं में 196, मुजफ्फरनगर में 186, गोरखपुर व हरदोई में 166-166, पीलीभीत में 166, लखीमपुर खीरी में 154, सिद्धार्थनगर में 152, एटा और जौनपुर में 151-151, बहराइच में 140, बस्ती और देवरिया में 131-131, रामपुर में 129, कासगंज में 128, मुरादाबाद में 127, इटावा में 125, शाहजहांपुर में 123, आजमगढ़ और बलिया में 122-122 पद रिक्त हैं।

हापुड़ में 108, प्रतापगढ़ में 107, हमीरपुर में 105, फतेहपुर में 95, रायबरेली में 91, भदोही में 79, कौशांबी में 75, ललितपुर में 68, गोंडा और शामली में 66-66, मैनपुरी में 64, संतकबीरनगर में 62, बिजनौर में 59, महोबा में 56, गाजीपुर, मऊ और बांदा में 52-52, अयोध्या व बलरामपुर में भी 52-52 पदों का अधियाचन भेजा गया है।

इसके अलावा कई जिलों में कम संख्या में भी रिक्तियां हैं। इनमें गौतमबुद्धनगर में छह, कुशीनगर में आठ, कानपुर देहात में 12, चंदौली में 15, महाराजगंज में 19, सोनभद्र में 20 और श्रावस्ती में दो पद शामिल हैं।