मिशन सारंडा: ₹1 करोड़ का इनामी मिसिर बेसरा चारों ओर से घिरा; 10 किमी का दायरा सील, भागने के रास्ते बंद
₹1 Crore Bounty-Holder Misir Besra Surrounded from All Sides
रांची। ₹1 Crore Bounty-Holder Misir Besra Surrounded from All Sides, सारंडा में माओवादियों के विरुद्ध आखिरी लड़ाई जारी है। पिछले कई दिनों से माओवादियों से मुठभेड़ हो चुकी है। हाल के दिनों में आइईडी विस्फोट में जवान जख्मी भी हुए हैं। माओवादियों का सबसे बड़ा नेता एक करोड़ रुपये का इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा 20-25 माओवादियों के साथ पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र स्थित बाबूडेरा व कुमडीह के घने जंगल में छुपा हुआ है।
सुरक्षा बलों ने भी 10 किलोमीटर में उसकी घेराबंदी की है। सभी रास्ते सील हैं। ओडिशा सीमा को भी सील कर दिया गया है। उसके रसद व आपूर्ति लाइन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे वह व उसका दस्ता कमजोर पड़ गया है।
बताया जा रहा है कि मिसिर बेसरा का निकलकर भागना असंभव है। पूरा इलाका दुर्गम होने के चलते सुरक्षा में तैनात जवान धीरे-धीरे अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
सुरक्षा बलों ने अपना कैंप बनाकर घेराबंदी की
माओवादियों के विरुद्ध अभियान में सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन व झारखंड जगुआर के जवान शामिल हैं। माओवादियों के निकलने के हर संभावित रास्तों पर सुरक्षा बलों ने अपना कैंप बनाकर घेराबंदी की है।
ओडिशा सीमा पर कोइडा व बोलानी को ओडिशा पुलिस ने सील किया हुआ है। छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ने वाली सारंडा की सीमा भी सील हे, जिससे माओवादी झारखंड से भागकर ओडिशा व छत्तीसगढ़ में नहीं जा पाएंगे। झारखंड पुलिस को खुफिया सूचना है कि अब मिसिर बेसरा चाहकर भी भाग नहीं पाएगा।