इजराइल में 'मिशन कवच': यूपी के 6004 श्रमिकों की सुरक्षा पर योगी सरकार का हाई अलर्ट!
Yogi government on high alert for safety of 6004 workers from UP!
लखनऊ। Yogi government on high alert for safety of 6004 workers from UP! पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच प्रदेश सरकार ने इजराइल में काम कर रहे राज्य के निवासी 6,004 निर्माण श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। आश्वस्त किया है कि सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और उनके हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वर्ष 2024 में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) और इजराइल की सरकारी संस्था पीबा (पापुलेशन एमिग्रेशन एंड बार्डर अथारिटी) के माध्यम से चयनित होकर ये श्रमिक वहां भेजे गए थे। फिलहाल वे इजराइल की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में कार्यरत हैं और नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर काम कर रहे हैं।
इजराइल में इस समय करीब 42 हजार भारतीय नागरिक रह रहे हैं, जिनमें से 6,004 निर्माण श्रमिक उत्तर प्रदेश के हैं। भारतीय दूतावास, तेल अवीव ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया है। नागरिकों से सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक आवाजाही से बचने को कहा गया है।
आपात स्थिति में संपर्क करें
भारतीय नागरिक हेल्पलाइन: 972-54-7520711, 972-54-2428378
ईमेल: [email protected]
हर स्तर पर स्थिति की निगरानी
श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने श्रमिकों और उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर स्थिति की निगरानी की जा रही है। प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डा. एमके शन्मुगा सुंदरम ने इजराइल में भारत के राजदूत जेपी सिंह से फोन पर बात की।
हालात नियंत्रण में हैं और घबराने की जरूरत नहीं
दूतावास ने उन्हें बताया कि हालात नियंत्रण में हैं और घबराने की जरूरत नहीं है। भारतीय मिशन घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है और सभी भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। प्रमुख सचिव ने इजराइल स्थित भारतीय दूतावास में तैनात प्रथम सचिव डा. गारिका तेजेश्वर से भी बातचीत की।
अधिकांश इमारतों में सुरक्षा शेल्टर उपलब्ध
उन्होंने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन नियंत्रण में है। इजराइल में अधिकांश इमारतों में सुरक्षा शेल्टर (आश्रय स्थल) उपलब्ध हैं। श्रमिकों को निर्देश दिया गया है कि वे जरूरत पड़ने पर इन शेल्टर क्षेत्रों में रहें और संबंधित प्राधिकरणों के निर्देशों का पालन करें।
पीबा की ओर से सेंटर फार इंटरनेशनल माइग्रेशन एंड इंटीग्रेशन के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर 1-700-707-889 जारी किया गया है, जिस पर आपात स्थिति में संपर्क किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश सेवायोजन निदेशालय ने भी एनएसडीसी के साथ समन्वय बनाए रखा है। सेवायोजन निदेशक नेहा प्रकाश और अपर निदेशक पीके पुंडीर ने एनएसडीसी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में रहें और श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाएं।