Yogi Adityanath Yamkeshwar Visit: ओपन जिम में योगी-धामी ने लगाई कसरत, वायरल हुआ वीडियो
Yogi Adityanath's Visit to Yamkeshwar
लखनऊ। लंबे समय तक राजनीतिक और प्रशासनिक कार्य में उलझे रहने वाले मुख्यमंत्रियों का दिल भी कभी-कभार बच्चों जैसा हो जाता है।
ऐसा शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल में के यमकेश्वर क्षेत्र में देखने को मिला, जहां उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ओपन जिम के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे। दोनों मुख्यमंत्री ने बच्चों जैसी जो हरकतें कीं, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक क्षेत्र पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को उनके साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी थे और दोनों को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गृह क्षेत्र यमकेश्वर में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ एक ओपन जिम का शुभारंभ किया। इसके बाद दोनों ने कई उपकरणों पर अभ्यास भी किया। इस दौरान दोनों ने हंसते और खिलखिलाते हुए कसरत की वीडियो वायरल हो रही है। दोनों को बच्चों की तरह हंसते-खिलखिलाते देख लोग भी कहने लगे कि दिल तो बच्चा है जी।
सीएम योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर में एक मंदिर के उद्घाटन और मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उनके दो दिवसीय यमकेश्वर दौरे पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी हैं। योगी आदित्यनाथ ने आज पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी एक मंदिर के उद्घाटन और मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां पर शनिवार को महायज्ञ होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिथ्याणी में महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय पहुंचे में अपने पूज्य गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात, एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला जब सीएम योगी ने कॉलेज परिसर के समीप बने ओपन एयर जिम का शुभारंभ किया। महज औपचारिकता न निभाते हुए, मुख्यमंत्री योगी और मुख्यमंत्री धामी ने खुद जिम के उपकरणों पर एक्सरसाइज (कसरत) की।
भगवाधारी मुख्यमंत्री ने ओपन जिम में बहाया पसीना
भगवाधारी मुख्यमंत्री को जिम में पसीना बहाते देख वहां मौजूद युवा और स्थानीय लोग जोश से भर गए। यह संदेश साफ था कि 'विकसित प्रदेश के लिए स्वस्थ नागरिक' पहली प्राथमिकता है। दोनों मुख्यमंत्रियों ने क्षेत्र के प्रसिद्ध यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पंचूर गांव की गलियों में जैसे ही योगी आदित्यनाथ का काफिला पहुंचा, स्थानीय महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने अपने 'गांव के लाल' का फूलों की वर्षा के साथ स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है और लोग अपने प्रिय नेता की एक झलक पाने को बेताब दिखे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। पंचूर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है ताकि धार्मिक व व्यक्तिगत कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हो सकें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा, "योगी जी का अपने पैतृक गांव पहुंचना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उनका अपनी जड़ों से यह लगाव हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।
पंचूर गांव में आयोजित होने वाला यह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में संतों और श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। योगी आदित्यनाथ का यह दौरा साबित करता है कि वे भले ही देश के सबसे बड़े राज्य की कमान संभाल रहे हों, लेकिन उनकी आत्मा आज भी पहाड़ की इन्हीं कंदराओं और अपने गांव की मिट्टी में बसती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ जब यमकेश्वर के हेलीपैड पर पहुंचे तो वहां उनके स्वागत के लिए पहुंचे लोगों के साथ बच्चे भी थे। बच्चों ने जब उनके पैर छुए तो उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ रखकर प्यार से दुलारा।
यह भी पढ़ें-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे तो यमकेश्वर हेलीपैड पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'अपणी माटी' में लौटे योगी आदित्यनाथ का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी अपने गांव में नवनिर्मित हरि विष्णु पंचदेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सम्मिलित होने पहुंचे हैं।