बंगाल चुनाव में योगी आदित्यनाथ का तीखा हमला: “माफिया राज खत्म, कानून का राज स्थापित हो
Yogi Adityanath launches scathing attack on Bengal elections
धूपगुड़ी। भाजपा बंगाल में सत्ता में आई तो माफियाओं की संपत्ति पर बुलडोजर चलेगा। सड़क पर नमाज पढ़ना बंद होगा। बंगाल में कानून का राज चलेगा। माफिया राज का पूरी तरह से सफाया होगा।
यह बातें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के क्रम में जलपाईगुड़ी जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने उत्तर बंगाल में दो जनसभाओं को संबोधित किया। इन जनसभाओं में 'बुलडोजर बाबा जिंदाबाद' के नारे गूंजते रहे।
आक्रामक अंदाज में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भी दंगे होते थे, दुर्गा पूजा नहीं हो पाती थी। आज वहां सब चंगा है। लव जिहाद खत्म, सड़कों पर नमाज नहीं, मस्जिदों से आवाज बाहर नहीं जाती।
आगे कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो बंगाल को भी मौलानाओं के फतवों का केंद्र नहीं बनने देंगे। बुलडोजर सिर्फ सड़कें नहीं बनाता, माफियाओं को कुचलने में भी माहिर है। एक बार समय निकालकर उत्तर प्रदेश घूमकर आइए, देखिए बदलाव। तृणमूल कांग्रेस को लुटेरा बताया। पहले कांग्रेस और माकपा ने बंगाल को लूटा। अब 15 सालों में तृणमूल ने बंगाल को बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को अधिकार देने का प्रयास कर रहे थे लेकिन संसद में तृणमूल ने विधेयक को रोक दिया। लोगों से अपील की कि वे डरें नहीं और भाजपा को वोट देकर बदलाव लाएं।
साथ ही कहा भाजपा की सरकार आने पर विकास, सुरक्षा और सुशासन की नई इबारत लिखी जाएगी। उत्तर प्रदेश में पिछले नौ सालों में कानून-व्यवस्था, विकास और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन एक मिसाल है। वैसा ही मॉडल बंगाल में भी लागू होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। वहां किसानों को फसल का सही दाम मिल रहा है। केंद्र सरकार विकास योजनाओं के लिए जो पैसे देती है उसको तृणमूल के लोग हजम कर जाते हैं।
उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर जैसे बंगाल के महान व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल की मिट्टी वंदेमातरम् और आध्यात्मिकता की मिट्टी है। यहां 'गो-माता काटने नहीं देंगे, हिंदू को बांटने नहीं देंगे' की नीति चलेगी।