योगी आदित्यनाथ ने गुजरात-महाराष्ट्र स्थापना दिवस पर दी बधाई, विकास में योगदान की सराहना
- By Gaurav --
- Friday, 01 May, 2026
Yogi Adityanath Greets Gujarat
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं और देश की एकता व विकास में उनके योगदान की सराहना की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए गुजरात वासियों को बधाई दी और महात्मा गांधी तथा सरदार वल्लभभाई पटेल को याद किया। उन्होंने कहा कि इस पावन भूमि ने देश को एकता, स्वावलंबन और सेवा का मार्ग दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात विकास और समृद्धि के नए प्रतिमान स्थापित करता रहे। साथ ही उन्होंने भगवान सोमनाथ से राज्य की प्रगति के लिए प्रार्थना भी की।
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने राज्य को परिश्रम, पराक्रम और प्रगति की भूमि बताते हुए वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र विकास के नए आयाम छुएगा।
गौरतलब है कि 1 मई 1960 को तत्कालीन बंबई राज्य के विभाजन के बाद गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों का गठन हुआ था, जिसके बाद से हर साल यह दिन स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है।