चलती प्राइवेट बस में महिला से गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Thursday, 14 May, 2026
Woman Gangraped in Moving
देश की राजधानी दिल्ली से महिलाओं की सुरक्षा को झकझोर देने वाली एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके साथ चलती प्राइवेट बस में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। 
पीड़िता के मुताबिक सोमवार रात वह काम से घर लौट रही थी। इसी दौरान उसने एक निजी बस को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बस में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर ने पहले महिला से समय पूछा और फिर जबरन उसे बस के अंदर खींच लिया। इसके बाद करीब दो घंटे तक बस रानीबाग से नांगलोई के बीच सड़कों पर घूमती रही और आरोपियों ने चलती बस में महिला के साथ गैंगरेप किया। वारदात के बाद आरोपी महिला को सुनसान इलाके में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आई और कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर बस की पहचान की गई। तकनीकी जांच और सतर्कता के जरिए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल फॉरेंसिक टीम बस की जांच कर सबूत जुटा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। 2012 की निर्भया घटना की यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि राजधानी में सामने आई इस वारदात ने लोगों को फिर से दहला दिया है।