पश्चिम बंगाल सरकार में 35 नए मंत्रियों की एंट्री; मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद दी जानकारी
West Bengal Cabinet Expansion 35 New BJP Ministers Oath Ceremony
West Bengal Cabinet Expansion: पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। सोमवार (1 जून) को 35 नए मंत्री सुबह 11 बजे नबान्न में शपथ लेंगे। बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि उन्हें शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (Bengal CM Suvendu Adhikari) ने अब से कुछ देर पहले खुद आधिकारिक तौर से यह जानकारी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस संबंध में पोस्ट किया है।

बंगाल CM सुवेंदु अधिकारी पोस्ट करते हुए बताया कि ''कल, पश्चिम बंगाल की जनता के फैसले से चुनी हुई राष्ट्रवादी सरकार की पूरी मंत्रिपरिषद बनेगी। मंत्रिपरिषद को बढ़ाने के मकसद से, पश्चिम बंगाल सरकार के 35 मंत्री सुबह 11 बजे नबान्न में शपथ लेंगे। महामहिम राज्यपाल आर. एन. रवि नबन्ना में उन्हें शपथ दिलाएंगे।'' ज्ञात रहे कि इससे पहले CM सुवेंदु अधिकारी के साथ 5 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। यानि इस समय मुख्यमंत्री सुवेंदु को मिलाकर बंगाल सरकार के मंत्रिमंडल में कुल 6 मंत्री हैं।
पश्चिम बंगाल सरकार के 35 नए मंत्री कौन?
अब जब पश्चिम बंगाल सरकार में 35 नए मंत्रियों की एंट्री होने जा रही है तो लोग ये भी जानना चाह रहे हैं कि आखिर वो 35 चेहरे कौन से हैं, जिन्हें मंत्रिमंडल में जगह दी जा रही है। हालांकि बताया जा रहा है कि सीएम सुवेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के नाम फाइनल कर राज्यपाल आर. एन. रवि के पास लिस्ट भेज दी है। वहीं कल शपथ ग्रहण समारोह में सभी मंत्रियों की तस्वीर अपने आप ही साफ हो जाएगी। ज्ञात रहे कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 9 मई 2026 को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार
बीजेपी ने पहली बार बंगाल में अपनी सरकार बनाई है, पार्टी ने 294 विधानसभा सीटों वाले बंगाल में 207 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया और ममता बनर्जी के हाथों से 15 साल की सत्ता खिसक गई। TMC को 80 सीटों पर सिमटकर संतोष करना पड़ा। वहीं सुवेंदु अधिकारी बंगाल में BJP के पहले CM बने हैं। ये रिकॉर्ड (BJP First CM Bengal) भी उनके नाम जुड़ गया है। ज्ञात रहे कि सुवेंदु अधिकारी साल 2020 में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस यानि TMC छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। सुवेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी का आक्रामक लोकप्रिय चेहरा माने जाते हैं। वह जुझारू छवि के हैं और जनता से सीधा जुड़ाव रखते हैं।