वृंदावन नाव हादसा: प्रशासन की कार्रवाई, नाव चालक गिरफ्तार कर जेल भेजा
- By Gaurav --
- Sunday, 12 Apr, 2026
Vrindavan Boat Tragedy: Death Toll Rises
धर्मनगरी वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने कई परिवारों को गहरा आघात दिया है। वृंदावन और मांट के बीच हुए इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए नाव चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए महा रेस्क्यू अभियान जारी है।
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी नाव वृंदावन से मांट की ओर जा रही थी। पॉन्टून पुल के पास पहुंचते ही नाव अचानक अनियंत्रित होकर यमुना के गहरे पानी में पलट गई।
चश्मदीदों के अनुसार, नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जो हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। कुछ ही पलों में खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। स्थानीय लोगों और मल्लाहों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई ने राहत कार्य में बाधा डाली।
प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों की मदद से सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है, ताकि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।