प्रशासनिक उत्कृष्टता में उत्तर प्रदेश की बड़ी उपलब्धि: मिशन कर्मयोगी में राज्य का शानदार प्रदर्शन
Uttar Pradesh's Major Achievement in Administrative Excellence
लखनऊ। Uttar Pradesh's Major Achievement in Administrative Excellence, प्रशासनिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश को सभी केंद्रीय मंत्रालयों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच असाधारण प्रदर्शन के लिए पुरस्कार हासिल हुआ है।
वहीं मिशन कर्मयोगी के तहत ‘साधना सप्ताह’ के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच लाख से अधिक कर्मचारियों वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश को दूसरा पुरस्कार दिया गया है।
नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के इस शानदार प्रदर्शन के लिए राज्य के प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज को सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश में आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर 21.5 लाख से अधिक कर्मचारियों को जोड़ा गया। इसके साथ ही राज्य में रिकॉर्ड 1.25 करोड़ कोर्स पूरे किए गए, जो सभी केंद्रीय मंत्रालयों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे अधिक हैं। कौशल विकास के क्षेत्र में भी योगी सरकार के खाते में जबरदस्त उपलब्धि दर्ज की गई। राज्य ने 10 लाख एआई दक्ष बैज और 16,000 कर्मयोगी उत्कर्ष बैज अर्जित किए हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश ने क्षमता निर्माण में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर फ्रंटलाइन कर्मचारियों (समूह सी एवं डी) तक, शासन में हर स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की। प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक ने कहा कि यह उपलब्धि सशक्त, कुशल और भविष्य के लिए तैयार उत्तर प्रदेश के निर्माण में मिशन कर्मयोगी की ठोस भूमिका का प्रमाण है।
यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस विजन को भी दर्शाती है, जिसके तहत राज्य में नागरिक-केंद्रित, भविष्य के लिए तैयार और डिजिटली सशक्त ‘कर्मयोगी’ कार्यबल तैयार किया गया है।