मुख्यमंत्री आज को देंगे 432 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

CM Yogi Ayodhya Visit

CM Yogi Ayodhya Visit

CM Yogi Ayodhya Visit: अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी की घटना के बीच एक महीने से कम समय में दूसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या आ रहे हैं। वह जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर विकासखंड सोहावल में बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की मूर्ति का अनावरण करेंगे। क्षेत्र में विकास को नई गति देने वाली 432 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये की 217 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण वह करेंगे। सीएम योगी इससे पहले 19 जून को अयोध्य़ा आए थे।

इसके साथ में वह जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे वे बस्ती के लिए रवाना होंगे। परियोजनाओं में 269 करोड़ 39 लाख 22 हजार रुपये की 131 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा, जबकि 163 करोड़ 30 लाख 87 हजार रुपये की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। शिलान्यास की जाने वाली प्रमुख परियोजनाओ में वृहद गो संरक्षण केंद्र (मऊ, तहसील बीकापुर) का निर्माण कार्य, नगर पंचायत बीकापुर की पेयजल एवं गृह संयोजन योजना, नगर पंचायत सुचितागंज (खिरौनी) पेयजल एवं गृह संयोजन योजना शामिल हैं।

अखिलेश के साथ चल रहा वार-पलटवार

राम मंदिर चोरी का मामला सामने आने के बाद से ही सीएम योगी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच वार-पलटवार चल रहा है। दान चोरी को लेकर पहली बार सीएम योगी ने अयोध्या में ही अपना बयान दिया था और अखिलेश को निशाने पर लिया था। इसके बाद से लगातार अखिलेश पर हमला कर रहे हैं। अखिलेश भी एक्स पर पोस्ट और प्रेस कांफ्रेंस के जरिए सीएम योगी पर हमलावर हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आज भी जनसभा में सीएम योगी के निशाने पर सपा और अखिलेश रह सकते हैं।

इन योजनाओं का भी शिलान्यास होगा

इसके अलावा एकीकृत विकास योजना के तहत विकास खंड सोहावल के ग्राम सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण, कम्पोजिट विद्यालय अर्थर (सोहावल) का उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण, विकास खंड तारून के ग्राम रामपुर प्रताप में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण भी शामिल है। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक अयोध्या और राजकीय पॉलिटेक्निक अयोध्या में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापना से संबंधित आवश्यक निर्माण कार्य भी शिलान्यास की सूची में हैं।

यह परियोजनाएं होंगी लोकार्पित

लोकार्पण की 86 परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, जल निकासी, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन और ग्रामीण विकास से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। जनपदीय ड्राइवर हाउस का निर्माण कार्य, राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बरवा, मसौधा में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य, अयोध्या-सुल्तानपुर मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स (टीएफसीसी) के निर्माण कार्य, नगर पंचायत खिरौनी सुचितागंज सोहावल का पर्यटन विकास कार्य, विकास खण्ड मसौधा के ग्राम अवनपुर सरोहा में ग्रामीण पर्यटन थीमेटिक गेट एवं पर्यटन सुविधा केन्द्र का निर्माण कार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोहावल में आधुनिक कार्यशाला, प्रशिक्षण केन्द्र, इत्यादि का निर्माण कार्य आदि कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।