‘हैवान’ प्रधानाचार्य: तीन मासूम बच्चियों से अश्लीलता, कोचिंग की आड़ में करता था घिनौनी करतूत, ऐसे खुला मामला
Kanpur Principal Child Abuse Case
कानपुर: Kanpur Principal Child Abuse Case: पनकी क्षेत्र के एक प्री-स्कूल के प्रधानाचार्य को तीन मासूम बच्चियों के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया. आरोपी की पहचान 48 वर्षीय ब्रजेश पाल के रूप में हुई है. पुलिस ने पीड़ित परिवारों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि प्री-स्कूल की कक्षा चार में पढ़ने वाली एक 10 वर्षीय छात्रा ने शनिवार को रोते हुए कोचिंग जाने से मना कर दिया. मां की ओर से कड़ाई से पूछने पर मासूम ने रोते हुए प्रधानाचार्य की काली करतूत का पर्दाफाश किया. बच्ची ने अपनी मां को बताया कि आरोपी न सिर्फ उसके साथ, बल्कि उसकी दो अन्य सहेलियों के साथ भी पिछले काफी समय से गंदी हरकतें कर रहा था.
बेटी की बात सुनकर जब पीड़िता के पिता ने अन्य दोनों बच्चियों के माता-पिता से संपर्क किया. उन्होंने भी अपनी बेटियों से पूछताछ की, तो सच जानकर सबके पैरों तले जमीन खिसक गई. तीनों पीड़ित परिवार जब इस बात का विरोध करने और शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, तो आरोपी अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा परिजनों को ही धमकाने और गाली-गलौज करने लगा, जिसके बाद पीड़ित परिवारों ने सीधे पनकी थाने का में तहरीर देकर शिकायत की.
मामला पुलिस तक पहुंचता देख शातिर आरोपी ब्रजेश पाल ने कानून से बचने की नाकाम कोशिश भी की. वह इलाके के कुछ रसूखदार लोगों को साथ लेकर सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया और वहां मौजूद पीड़ित परिजनों पर मामले को रफा-दफा करने और समझौते का भारी दबाव बनाने लगा, हालांकि, बच्चियों के माता-पिता और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया.
घटना की खबर जैसे ही सोमवार दोपहर इलाके में फैली, स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित होकर लगभग 20 से 25 लोग स्कूल के बाहर जमा हो गए और वहां तोड़फोड़ की कोशिश करने लगे, लेकिन समझदार लोगों ने माहौल को बिगड़ने से बचाया और बताया कि स्कूल को बंद करा दिया गया है. पनकी थाना प्रभारी दिनेश बिष्ट ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी पर पास्को समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.