बनारस रेलवे स्टेशन की छत से पानी गिरने का VIDEO; शख्स बोला- पहली बारिश में ये हाल, मोदी ने उद्घाटन किया, बेइज्जती न कराओ

Banaras Railway Station Rain Water Falling From Platform Roof Video

Banaras Railway Station Rain Water Falling From Platform Roof Video

Banaras Railway Station Video: सोशल मीडिया पर बनारस रेलवे स्टेशन की छत से पानी गिरने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफार्म पर बने शेड से बारिश का पानी रिसकर जगह-जगह गिर रहा है. लोग पानी से बचकर इधर-उधर खड़े होने को मजबूर हैं. इसी बीच किसी शख्स ने रेलवे स्टेशन से बारिश का पानी गिरने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला है. वीडियो सामने आने पर यह तेजी से शेयर किया गया और तरह-तरह के रिएक्शन सामने आए.

शख्स बोला- पहली बारिश में ही ये हाल

जिस शख्स ने वीडियो बनाया है वह उसमें बोल भी रहा है. वह कहता है, ''देखो बरसात में ये हाल है, पहली ही बरसात में यहां यह हाल हो गया है. अब लोग यहां कहां बैठें, हर जगह छत पर दरार ही दरार है और पानी गिर रहा है. शख्स ने गुहार लगाते कहा कि रेलवे स्टेशन को दुरुस्त किया जाए भाई. इस स्टेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने ही किया था. क्यों बेइज्जती करा रहे हो तुम लोग. इसको जल्दी ठीक कराओ.'' सामने आए वीडियो में दिखता है कि प्लेटफार्म की शेड में लगे पंखे चल रहे हैं और उनमें से पानी गिर रहा है. ऐसे में करेंट दौड़ने का भी खतरा है.

बनारस PM मोदी का संसदीय क्षेत्र

गौरतलब है कि बनारस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है. बताया जा रहा है कि इस स्टेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने ही किया था. बता दें कि पहले बनारस स्टेशन पहले मंडुआडीह रेलवे स्टेशन के नाम से जाना जाता था. यात्रियों की सुविधा और माँग को देखते हुए, जुलाई 2021 में इस स्टेशन का नाम बदलकर आधिकारिक तौर से 'बनारस' कर दिया गया. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित इस स्टेशन की विश्व-स्तरीय स्टेशन के रूप में पहचान है.

इसे एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं, शानदार वास्तुकला और बेहतर साफ-सफाई के लिए जाना जाता है. बनारस स्टेशन पर 8 आधुनिक प्लेटफॉर्म, एसी लाउंज, स्वचालित सीढ़ियाँ (एस्केलेटर), लिफ्ट, रिटायरिंग रूम और फूड कोर्ट मौजूद हैं. यहां से कई प्रमुख ट्रेनें गुजरती हैं. यह स्टेशन वाराणसी कैंट से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. लेकिन अब सामने आए वीडियो स्टेशन की आधुनिक संरंचना की पोल खोल दी है. यह वीडियो निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार (Corruption) और लापरवाही को उजागर करता है.