ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: सोसाइटी की इमारत से प्लास्टर गिरने से निवासी की दर्दनाक मौत
Tragic accident in Greater Noida
Tragic accident in Greater Noida, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बड़ी लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली. एक बहुमंजिला सोसाइटी की इमारत का प्लास्टर टूटकर एक व्यक्ति के ऊपर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह पूरी घटना बिसरख पुलिस थाना क्षेत्र की अरिहंत अंबर सोसाइटी की है. शनिवार देर शाम सोसाइटी के टावर डी-1507 में रहने वाले विकास चावला (46) अपनी बाइक पर सवार होकर बाहर जा रहे थे. उसी दौरान अचानक बिल्डिंग से टूटकर प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा उनके ऊपर गिर गया. प्लास्टर गिरने से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़े. गिरने के कारण उनका सिर पास की दीवार के किनारे से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से अत्यधिक खून बहने लगा. मौके पर मौजूद लोग उन्हें घायल अवस्था में तुरंत यथार्थ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि यह घटना देर शाम की है. अस्पताल में मृतक के परिजन मौजूद हैं. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिजनों से मिलने वाली शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सोसाइटी एओए ने उठाए कदम
इस हादसे के बाद सोसाइटी की इमारतों के बाहरी प्लास्टर के तेजी से खराब होने को लेकर निवासियों में चिंता और आक्रोश बढ़ गया है. सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने सुरक्षा जोखिम का हवाला देते हुए बिल्डर से लंबित संरचनात्मक मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग उठाई है. इस संबंध में जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को एक ज्ञापन भेजने की तैयारी भी की गई है. इस मांग के लिए अधिक से अधिक समर्थन जुटाने के उद्देश्य से प्रत्येक टावर के रिसेप्शन पर एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है, जिसमें निवासियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की गई है.