यूपी पुलिस का कड़ा रुख: अब झूठा मुकदमा दर्ज कराने वालों की खैर नहीं
UP Police Takes a Tough Stance
लखनऊ। UP Police Takes a Tough Stance, राज्य में अब पुलिस झूठा मुकदमा दर्ज कराने वालों पर भी कार्रवाई करेगी। इस संदर्भ में डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी पुुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि एफआइआर में दर्ज तथ्य गलत पाए जाते हैं तो उन तथ्यों को बताने वाले व झूठी गवाही देने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि इस प्रकार के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाईकोर्ट ने पिछली 14 जनवरी को पुलिस को निर्देश दिया था कि विवेचना के बाद अगर गलत तथ्य दिए जाने का मामला जानकारी में आता है तो उसकी सूची तैयार की जाए। साथ ही इस प्रकार के मामलों में गलत तथ्य देने वालों के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।
वहीं परिवाद प्रस्तुत करने से पहले संबंधित के बयान ऑडियो व वीडियो के माध्यम से भी संकलित किए जाएं। हाईकोर्ट ने यह टिप्पणी भी की है कि कई बार इस प्रकार के मामले भी आते हैं कि शिकायतकर्ता द्वारा बढ़ा चढ़कर आरोप लगाए जाते हैं और विवेचना के बाद मामला कुछ और निकलता है। इस प्रकार के मामलों में पर्यवेक्षण अधिकारी की स्वीकृति के बाद मुकदमा दर्ज किया जाए।