यूपी में स्मार्ट मीटर पर राहत: रात में बैलेंस खत्म होने पर नहीं कटेगी बिजली
- By Gaurav --
- Saturday, 11 Apr, 2026
UP Govt Relief: No Power Cut at Night
उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने अहम निर्देश जारी किए हैं। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा है कि स्मार्ट मीटर का बैलेंस यदि रात में समाप्त हो जाता है तो उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इसके अलावा अवकाश के दिनों में भी किसी उपभोक्ता का कनेक्शन विच्छेदित नहीं किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ऊर्जा मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यूपीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित सभी डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याएं प्रमुख मुद्दा रहीं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए और उपभोक्ताओं के बीच किसी भी तरह की भ्रांति न रहने दी जाए। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
मंत्री ने कहा कि ‘जनता सर्वोपरि है’ और विद्युत व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध सेवा देना है। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं को बैलेंस समाप्त होने की समय रहते सूचना देने और स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए अलग काउंटर स्थापित करने को कहा गया।
गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने ट्रांसफार्मर, फीडर और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने तथा क्षमता वृद्धि के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया।