यूपी विधानसभा चुनाव 2027: बीजेपी मजबूत स्थिति में, जनता योगी सरकार से संतुष्ट- प्रदीप गुप्ता
UP Assembly Elections 2027: BJP in strong position
नई दिल्ली। UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में अब एक साल से भी कम का समय बचा है। चुनाव से ठीक पहले देश की प्रतिष्ठित चुनाव सर्वेक्षण एजेंसी एक्सिस माय इंडिया के प्रमुख प्रदीप गुप्ता ने यूपी के राजनीतिक मिजाज को लेकर बड़ा दावा किया है। प्रदीप गुप्ता के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा फिलहाल बेहद मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, क्योंकि जमीनी स्तर पर लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से काफी हद तक संतुष्ट हैं।
पीटीआई को दिए एक विशेष साक्षात्कार में प्रदीप गुप्ता ने बताया कि साल 2027 की शुरुआत में होने वाले इन विधानसभा चुनावों को लेकर उनकी एजेंसी की ग्राउंड टीमों ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर हम यूपी से मिल रहे फीडबैक को समग्र रूप से देखें, तो जनता की संतुष्टि का प्रतिशत काफी अच्छा है। आज की स्थिति को देखते हुए राज्य में बीजेपी के लिए कोई बड़ी मुश्किल नजर नहीं आती। हालांकि, उन्होंने यह भी सचेत किया कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में स्थितियां बहुत तेजी से बदलती हैं, इसलिए इसे अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता।
वहीं, पंजाब की राजनीतिक स्थिति को बेहद जटिल बताते हुए गुप्ता ने कहा कि राज्य में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय न होकर चौतरफा होने जा रहा है, जिसमें कांग्रेस, आप, शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी अलग-अलग मैदान में दिख रहे हैं। ऐसी स्थिति में विपक्षी वोटों का बिखराव किसी भी पार्टी की किस्मत बदल सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि जब मुकाबला चार कोनों में बंट जाता है, तो महज 25 से 26 प्रतिशत वोट शेयर पाने वाली पार्टी भी पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकती है, जैसा पूर्व में उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा कर चुकी हैं।