उधमपुर बस हादसा: मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, 21 लोगों की मौत के बाद प्रशासन सक्रिय
Udhampur bus accident: Magistrate orders inquiry,
उधमपुर। रामनगर के जल्लो कघोट में 20 अप्रैल को हुए बस हादसे में 21 लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
दूसरी ओर ऊधमपुर, रामनगर सहित पहाड़ी क्षेत्रों में चलने वाली बसों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट उधमपुर के कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट उधमपुर को इस मामले की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच का उद्देश्य हादसे के कारणों का पता लगाना और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाना है।
छह दिन के भीतर बयान दर्ज करवाएं
प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिसूचना में कहा गया है कि जो भी व्यक्ति इस घटना के बारे में जानकारी रखता है या अपना बयान दर्ज करवाना चाहता है, वह अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय उधमपुर में कार्यालय समय में अपनी जानकारी साझा कर सकता है। इसके लिए लोगों को अधिसूचना जारी होने की तारीख से छह दिन के भीतर अपने बयान दर्ज करवाने के लिए कहा गया है, ताकि जांच प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जा सके।
60 लोग हुए थे घायल
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस जांच के माध्यम से हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाकर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बता दें कि बस हादसे के दौरान यात्रियों से भरा एक आटो भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हादसे में 21 लोगों की मौत के अलावा करीब 60 लोग घायल हुए थे।