जयपुर के सिविल लाइंस में भीषण गर्मी और ओवरलोड से ट्रांसफॉर्मर में धमाके; आग लगने से मची दहशत, कई इलाकों में बिजली गुल
Transformers Explode in Jaipur's Civil Lines Due to Extreme
राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप ऐसा है कि ट्रांसफॉर्मर में भी आग लग रही है. जयपुर में रविवार (18 मई) रात का ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है. सिविल लाइंस क्षेत्र में ओवरलोड के चलते एक ट्रांसफॉर्मर में धमाका हो गया. ट्रांसफॉर्मर में अचानक चिंगारियां उठने लगी और तेज आवाज के साथ एक के बाद एक धमाके होने लगे. बताया जा रहा है कि बिजली लाइन पर भार बढ़ने से ऐसा हुआ. गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई.
घरों से बाहर निकल आए लोग
फॉल्ट के चलते सिविल लाइंस क्षेत्र में RPA के सामने एक हिस्से में बिजली गुल हो गई. गनीमत रही कि समय रहते पास खड़ी गाड़ियों को हटा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. ट्रांसफॉर्मर से आ रही धमाकों की आवाज से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए. ऐसी घटना के बाद हर कोई हैरान-परेशान हैं. स्थानीय लोग विद्युत विभाग से मांग कर रहे हैं कि गर्मी को देखते हुए जर्जर ट्रांसफॉर्मर बदले जाएं. ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
रात में भी गर्मी से राहत नहीं
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. सबसे कम न्यूनतम तापमान संगरिया (हनुमानगढ़) में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 35 डिग्री के करीब तापमान होने के चलते रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.