"दयारा ट्रेक से लापता बबीता पांडे का 5 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग"

"दयारा ट्रेक से लापता बबीता पांडे का 5 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग"

No trace found of Babita Pandey

No trace found of Babita Pandey

उत्तरकाशी। No trace found of Babita Pandey, दयारा ट्रेक पर लापता बबीता पांडे की तलाश में बुधवार को विशेष डीप डाइव टीम ने गोई के तालाब में खोजबीन की। लेकिन तालाब में लापता बबीता का कोई सुराग नहीं मिला।

खोजी कुत्तों बन्नी व ब्राउन को वापस भेजा

चार से पांच दिन चले सघन खोज एवं बचाव अभियान के बावजूद सफलता न मिलती देख एनडीआरएफ ने अपने दो खोजी कुत्तों बन्नी व ब्राउन को वापस भेज दिया है।

दयारा ट्रेक के पड़ाव गोई से लापता हो गई थी बबीता

बीते शुक्रवार को ग्राम चिल्किया रामनगर नैनीताल निवासी 24 वर्षीय बबीता पांडे रहस्यमय ढंग से दयारा ट्रेक के पड़ाव गोई से लापता हो गई थी। उसके साथ आए उत्तरप्रदेश के हरमनप्रीत सिंह व श्रीनगर के हरमनपाल ने यह जानकारी ट्रेकिंग एजेंसी को दी, जिस पर ट्रेकिंग एजेंसी ने 112 नंबर पर कॉल कर यह सूचना दी।

शनिवार रात आठ बजे मिली सूचना के तुरंत बाद ही बबीता की तलाश को खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। पहले पुलिस, वन विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ व एसओजी की टीमें शामिल हुए, साथ ही एनडीआरएफ के दो खोजी कुत्तों व पुलिस मुख्यालय से आए एक अन्य खोजी कुत्ते ने भी खोज एवं बचाव अभियान में मदद की।

सेना भी खोजबीन में लगी

आपदा प्रबंधन विभाग की ड्रोन टीम की मदद से भी क्षेत्र को खंगाला गया। मंगलवार को जिला प्रशासन की मांग पर आईटीबीपी व सेना का दल भी खोज एवं बचाव अभियान में जुटा। लेकिन चार से पांच दिनों तक चले सघन खोजबीन अभियान में बबीता का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया है।

इसके बाद सभी की निगाह गोई की छानियों के पास बने तालाब पर टिकी थी, जिसमें खोजबीन के लिए मंगलवार शाम को ही विशेष डीप डाइव टीम पहुंच गई थी।

इस टीम में एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन मास्टर ट्रेनर व क्यूआरटी के सदस्य शामिल रहे। टीम ने बोट व गोताखोर के जरिए भी तालाब में तलाश की। एसडीआरएफ के जिला प्रभारी जेपी बिजल्वाण ने गोई के तलाब में चले खोजबीन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि सघन खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

घटना वाले दिन दयारा भ्रमण करने वाले पर्यटकों से होगी पूछताछ

पुलिस लापता बबीता के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए घटना वाले दिन दयारा ट्रेक का भ्रमण करने वाले और विशेष रूप से गोई में रुकने वाले पर्यटकों से पूछताछ करेगी।

एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जंगलों, गाड-गदेरों, गुफाओं में लापता की तलाश के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली, इसके बाद घटना वाले दिन दयारा भ्रमण पर आए पर्यटकों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का विचार किया जा रहा है।

दो भालुओं के बीच संघर्ष के मिले सुराग

दयारा क्षेत्र में लापता बबीता की तलाश में जुटी टीम को बबीता के बारे में तो काेई जानकारी नहीं मिली, लेकिन दो भालुओं में संघर्ष के प्रमाण मिले हैं।

खोज एवं बचाव दल में शामिल एनडीआरएफ के जवान ने बताया कि जंगल में दो भालुओं की लड़ाई का पता चला, उनके खून व बाल भी मिले थे। इससे क्षेत्र में जंगली जानवरों के आतंक की भी जानकारी मिली है।

गोई के तालाब में तो कुछ नहीं मिल पाया है। खोज एवं बचाव अभियान को बंद नहीं किया गया है। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी लापता युवती की तलाश की जा रही है। लापता के साथी युवकों पर अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन उन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। - कमलेश उपाध्याय, एसपी उत्तरकाशी