लाडवा में दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत
- By Gaurav --
- Monday, 04 May, 2026
Tragic accident in Ladwa: Truck crushes bike rider, dies on the spot
कुरुक्षेत्र जिल के लाडवा में अंबेडकर चौक के पास ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। इससे बाइक चला रहे व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथी ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान भरत (42) निवासी वार्ड-6 विकास नगर लाडवा के रूप में हुई। भरत अपने परिवार के साथ विकास नगर में किराए के मकान में रहता था। भरत अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को छोड़ गया। भरत टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था। भरत के सहारे ही परिवार को गुजारा चल रहा था।
मजदूर को लेने जा रहा था भरत
भरत अपना काम निपटाने के बाद अपने मजदूर विक्की को काम से लेने बाइक पर गया था। रात करीब साढ़े 8 बजे भरत अपनी बाइक पर विक्की को लेकर लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास सामने आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भरत सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से निकल गया।
विक्की ने कूदकर बचाई जान
टक्कर लगने के बाद विक्की (17) ने कूदकर अपनी जान बचाई। एक्सीडेंट के बाद आसपास के लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने भरत और विक्की को लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने भरत की जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया।
ड्राइवर हुआ मौके से फरार
घटना के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। विक्की ने भरत के परिवार को सूचना देकर अस्पताल बुलाया। भरत की मौत की सूचना पाकर उसके परिवार में मातम पसर गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कल शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।