अमरोहा में सुंदरकांड के दौरान मंदिर परिसर में घुसा डंपर, बच्चे समेत तीन की मौत
Three Killed, Including
Amroha जिले के गांव मिलक छावी में मंगलवार शाम सुंदरकांड का पाठ सुन रहे श्रद्धालुओं पर बजरी से भरा एक डंपर पलट गया, जिससे पांच वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार गांव में सड़क किनारे स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर में हर सप्ताह धार्मिक आयोजन होते हैं। मंगलवार शाम मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ चल रहा था, जिसमें कोठी खिदमतपुर, मिलक छावी, नारायणपुर और चाऊपुरा समेत आसपास के गांवों के श्रद्धालु शामिल हुए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक Akhilesh Bhadauria ने बताया कि पंडाल में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 20 से 25 श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पहले एक पेड़ से टकराया और फिर सड़क से नीचे उतरते हुए मंदिर परिसर में बने पंडाल में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में मिलक छावी निवासी परम सिंह (70), नारायणपुर निवासी महिपाल (42) और रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर पट्टी निवासी पांच वर्षीय आर्यवीर की मौके पर ही मौत हो गई। आर्यवीर अपने ननिहाल मिलक छावी आया हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में जिलाधिकारी Nitin Gaur और पुलिस अधीक्षक Lakhan Singh Yadav मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने महिपाल का शव कांठ रोड पर रखकर जाम लगा दिया। बाद में अधिकारियों के समझाने पर जाम खुलवाया गया।