मंडी में बस से 5.5 किलो चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद, हरियाणा के 3 तस्कर गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Saturday, 18 Jul, 2026
Three Haryana Men Held with 5.5 Kg
मंडी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक प्राइवेट बस से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में हरियाणा के सोनीपत निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सदर थाना मंडी की टीम शिला किप्पड़ क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान केलांग-मनाली-धर्मशाला रूट पर चल रही एक निजी बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार तीन व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।