लखनऊ ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लोकार्पण आज

लखनऊ ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लोकार्पण आज

The second phase of the Lucknow Green

The second phase of the Lucknow Green

लखनऊ। महत्वाकांक्षी ग्रीन कारिडोर प्रोजेक्ट के दूसरा चरण का शुक्रवार को लोकार्पण होगा। राजधानी की लाइफ लाइन कही जाने वाली गोमती नदी के किनारे हाेकर पांच लाख से अधिक लोग आसानी से आवागमन कर सकेंगे।

समतामूलक से निशातगंज मार्ग, निशातगंज से हनुमान सेतु, हनुमान सेतु से डालीगंज और डालीगंज से पक्का पुल तक ब्रिज, आरओबी आदि बनाए गए हैं। पहला चरण सात किलोमीटर व दूसरा चार किलोमीटर लंबा है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे जनता को सौंपेंगे।

लखनऊ विकास प्राधिकरण आइआइएम रोड से किसान पथ के बीच 28 किलोमीटर लंबा ग्रीन कारिडोर का निर्माण करा रहा है, इससे शहर के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। द्वितीय चरण में समतामूलक चौराहे से निशातगंज के मध्य लगभग 130 करोड़ रुपये की लागत से तीन अहम विकास कार्य कराए गए।

इनमें 45 करोड़ रुपये की लागत से 240 मीटर लंबा व 24 मीटर चौड़ा कुकरैल छह-लेन ब्रिज, कुकरैल से निशातगंज के मध्य 40 करोड़ रुपये की लागत से 1.10 किलोमीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा बंधा व सड़क निर्माण का कार्य कराया गया है।

ऐसे ही 240 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े निशातगंज छह-लेन ब्रिज का निर्माण 45 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है। कारिडोर निर्माण में हनुमान सेतु से गोमती पुल निशातगंज मार्ग तक सड़क की चौड़ाई 10 से बढ़ाकर 18 मीटर चौड़ी की गई।

सड़क चौड़ी होने पर निशातगंज व कुकरैल चौराहा भी उपयोगी होगा। साथ ही नए व पुराने लखनऊ का फासला ग्रीन कारिडोर मिटाएगा। ग्रीन कारिडोर किनारे हार्टीकल्चर व सुंदरीकरण के कार्य भी हुए हैँ। इसके बाद योजना का तीसरे व चौथे चरण का कार्य होता रहेगा।

2300 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा
लामार्टीनियर कालेज से जी-20 रोड तक 2300 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा। गोमती के दाएं किनारे पर लामार्टीनियर कालेज से सेना की जमीन होते हुए जी-20 रोड तक 2300 मीटर लंबे फ्लाईओवर कम आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का निर्माण होगा।

फोर-लेन फ्लाईओवर के निर्माण में 315 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर जारी हो चुका है। दो साल में यह बनकर तैयार होने पर 1090 चौराहा, कालीदास मार्ग, विक्रमादित्य मार्ग आदि से शहीद पथ, इकाना स्टेडियम, पुलिस मुख्यालय, एयरपोर्ट व अयोध्या रोड की ओर जाने के लिए सीधी कनेक्टिविटी होगी।

गोमती नदी पर बनेगा 250 मीटर लंबा ब्रिज
परियोजना के तहत गोमती नदी पर 250 मीटर लंबा ब्रिज भी बनाया जाएगा। यह ब्रिज नदी के दाएं किनारे पर स्थित सेना की जमीन पर बनने वाली बंधा रोड से जी-20 रोड को जोड़ेगा। 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस ब्रिज के लिए टेंडर किया गया है। इसे लगभग एक वर्ष में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रीन कारिडोर के चरण
-पहला चरण : आइआइएम रोड से पक्का पुल तक। यह काम पूरा हो चुका है।
-दूसरा चरण : पक्का पुल से पिपराघाट तक। यह काम भी पूरा हो चुका है।
-तीसरा चरण : पिपराघाट से शहीद पथ तक। इसको भी हरी झंडी मिल चुकी है।
-चौथा चरण : शहीद पथ से किसान पथ तक। इसकी भी तैयारियां चल रही हैं।

ग्रीन कारिडोर योजना के दूसरे फेज का निर्माण पूरा हो गया। इस महत्वाकांक्षी योजना से शहर में आवागमन को गति मिलेगी, लोग आसानी से गंतव्य को पहुंच सकेंगे। -प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण

झूलेलाल वाटिका में होगी जनसभा
मुख्यमंत्री व रक्षामंत्री समतामूलक के पास फीता काटकर उद्घाटन और झूलेलाल वाटिका में जनसभा करेंगे। प्राधिकरण अधिकारी लोकार्पण समारोह की तैयारियों में जुटे हैं। मनकामनेश्वर मंदिर की दूसरी ओर होने वाली जनसभा में दस हजार लोग जुटेंगे। वहां पंडाल बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई। दूसरे चरण में सिर्फ केजीएमयू के पास आरओबी का निर्माण चल रहा है, बाकी पूरा मार्ग बनकर तैयार है। समारोह में लोगों को लाने के लिए 300 बसें लगाई गई हैँ। इसमें 200 नगर क्षेत्र व 100 ग्रामीण क्षेत्र की हैं।