Punjab Gets New BJP Chief: 'मेरे लिए कोई भी पद...' पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष पद से हटने पर सुनील जाखड़ का बड़ा बयान

'मेरे लिए कोई भी पद...' पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष पद से हटने पर सुनील जाखड़ का बड़ा बयान, अब केवल सिंह ढिल्लों को मिली कमान

Sunil Jakhar Statement After Punjab Gets New BJP Chief Kewal Dhillon

Sunil Jakhar Statement After Punjab Gets New BJP Chief Kewal Dhillon

Punjab Gets New BJP Chief: बीजेपी ने पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव किया है। सुनील जाखड़ की जगह अब केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अध्यक्ष पद से हटने के बाद जाखड़ का पहला बयान सामने आया है। अपने इस बयान में जाखड़ ने पंजाब बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर अपने कार्यकाल को मूल्यवान बताया है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट किया और कहा कि उनके लिए कोई भी पद पंजाब और पंजाब के लोगों से ऊपर नहीं है। इसके साथ ही जाखड़ ने अध्यक्ष पद पर अपने कार्यकाल को यादगार बताया और बहुत कुछ सीखने की बात कही। उन्होंने यह बड़ी ज़िम्मेदारी उन्हें दिए जाने के लिए पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह का आभार भी जताया।

सुनील जाखड़ ने लिखा, ''पंजाब भाजपा के अध्यक्ष के रूप में सेवा करना मेरे लिए अत्यंत गौरव और बड़ी जिम्मेदारी का विषय रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा मुझ पर जताया गया विश्वास तथा माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी से निरंतर प्राप्त मार्गदर्शन इस पूरे सफर में मेरे लिए शक्ति का स्थायी स्रोत रहा है. श्री बी. एल. संतोष जी से प्राप्त संगठनात्मक सीख और दिशा-निर्देश, साथ ही श्री जगत प्रकाश नड्डा जी और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी का प्रोत्साहन और सहयोग मेरे लिए सदैव अत्यंत मूल्यवान रहेगा।''

जाखड़ ने कहा- कार्यकाल यादगार रहेगा

जाखड़ ने आगे लिखा, ''पंजाब भाजपा की ताकत हमेशा राज्यभर के कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों में रही है, जिनकी निष्ठा और सहयोग ने इस कार्यकाल को सार्थक और यादगार बनाया। अब जब यह जिम्मेदारी श्री केवल ढिल्लों जी को सौंपी जा रही है, तो मेरी ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ और पूरा सहयोग रहेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पंजाब की सेवा को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगा।''

मेरे लिए कोई भी पद पंजाब से ऊपर नहीं

वहीं जाखड़ ने अंत में कहा, ''मेरे लिए पंजाब, पंजाब के लोगों और संगठन के साथ रिश्ता हमेशा किसी भी पद या जिम्मेदारी से कहीं ऊपर रहा है, और यह जुड़ाव आगे भी उसी स्नेह, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ जारी रहेगा।'' बतादें कि, पंजाब में सुनील जाखड़ की एक बड़े हिन्दू नेता के रूप में पहचान है। इसके अलावा जाखड़ अन्य वर्ग को भी साधने में माहिर हैं। जाखड़ का कुशल और शांत और साफ-सुतरा व्यक्तित्व सब पर अपना असर करता है।

4 जुलाई 2023 को पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष बने जाखड़

गौरतलब है कि 4 जुलाई 2023 को बीजेपी हाईकमान ने पंजाब में बड़ा फेरबदल किया था। हाईकमान ने दिग्गज नेता सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) को पंजाब बीजेपी का नया चीफ (Punjab BJP Chief) बनाया था। पहले यह अहम पद अश्वनी शर्मा संभाल रहे थे। हालांकि लगभग 1 साल में जाखड़ के पंजाब बीजेपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने की खबर भी सामने आई थी। पंजाब लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन न कर पाने से जाखड़ ने इस्तीफा दे दिया था। लेकिन बीजेपी ने इस्तीफा मंजूर नहीं किया था। हालांकि दूसरी तरफ उनके इस्तीफे की खबरों को गलत भी बताया गया था।

वहीं यह भी मालूम रहे कि पंजाब प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले जाखड़ को दिसंबर 2022 में बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य भी नियुक्त किया गया था. सुनील जाखड़ 14 मई 2022 को कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर 19 मई 2022 को बीजेपी में शामिल हो गए थे। जाखड़ ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और तमाम नेताओं की मौजूदगी में पार्टी का दामन (Sunil Jakhar joins BJP) थामा था। सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस के भी प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।

अबोहर सीट से तीन बार विधायक रहे सुनील जाखड़

सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष रहे बलराम जाखड़ के बेटे हैं। 1954 में अबोहर के पंजकोसी गांव में जन्मे सुनील जाखड़ 2002 से 2017 के बीच अबोहर से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं। लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में जाखड़ अबोहर सीट पर भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे।

गुरदासपुर लोकसभा सीट से सांसद रहे जाखड़

सुनील जाखड़ ने 2017 में सांसद विनोद खन्ना की मृत्यु के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट से सफलतापूर्वक उपचुनाव लड़ा था। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान जाखड़ को गुरदासपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार और अभिनेता सनी देओल से 82,000 से अधिक मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। जाखड़ ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान सक्रिय रजनीति से दूरी बना ली थी। जाखड़ ने कहा था कि वह अब सक्रिय रजनीति में नहीं रहेंगे। लेकिन इसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए। जहाँ से जाखड़ की नई राजनीतिक भूमिका शुरू हुई।

यह भी पढ़ें-

केवल ढिल्लों पंजाब बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष बने; 2022 में कांग्रेस से भाजपा में आए, बरनाला से विधायक रह चुके, जाखड़ की जगह लेंगे