केवल ढिल्लों पंजाब बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष बने; 2022 में कांग्रेस से भाजपा में आए, बरनाला से विधायक रह चुके, जाखड़ की जगह लेंगे
Kewal Singh Dhillon Appointed As Punjab BJP State President
Punjab BJP New President: बीजेपी ने पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने केवल सिंह ढिल्लों (Kewal Singh Dhillon) को पंजाब बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। केवल ढिल्लों एक सिख चेहरा हैं और बीजेपी का यह बदलाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और संगठन को रणनीतिक विस्तार देने के लिए अहम माना जा रहा है। बता दें कि केवल ढिल्लों बतौर पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की जगह लेंगे। वर्तमान में सुनील जाखड़ के पास पंजाब बीजेपी की कमान थी।
2022 में केवल ढिल्लों बीजेपी में शामिल हुए
76 वर्षीय केवल ढिल्लों पंजाब की सियासत में एक जाना-माना नाम हैं और एक वरिष्ठ नेता की हैसियत रखते हैं। ढिल्लों जून 2022 को चंडीगढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। ढिल्लों ने उस समय कांग्रेस नेता राजकुमार वेरका शाम सुंदर अरोड़ा, गुरप्रीत कांगड़ और बलबीर सिद्धू के साथ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। वहीं अब प्रदेश अध्यक्ष जैसी बड़ी ज़िम्मेदारी मिलने पर ढिल्लों ने बीजेपी हाईकमान का आभार व्यक्त किया है।

बरनाला से विधायक रहे केवल ढिल्लों
पंजाब के दिग्गज नेता केवल ढिल्लों (Kewal Singh Dhillon) बरनाला से ताल्लुक रखते हैं और कांग्रेस में रहते हुए यहां से विधायक रह चुके हैं। वह 2012 से 2017 तक बरनाला से विधायक रहे। इसके बाद वह 2017 का विधानसभा चुनाव हार गए। उन्हें आम आदमी पार्टी के मीत हेयर ने हराया था। वहीं ढिल्लों ने कांग्रेस की टिक़ट पर संगरूर से 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा। जिसमें भगवंत मान से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इधर कांग्रेस से बीजेपी में आने के बाद उन्हें भाजपा ने 2022 के संगरूर उपचुनाव का अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन इस चुनाव को भी ढिल्लों हार गए। इसके बाद बरनाला विधानसभा उपचुनाव 2024 में भी ढिल्लों चुनावी मैदान में उतरे और यहां से भी जीत हासिल करने में कामयाब नहीं हो सके। केवल ढिल्लों पूर्व सीएम कैप्टन अंरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं। ढिल्लों राजनीति में होने के साथ एक बड़े कारोबारी भी हैं। ढिल्लों के 2 बेटे हैं।
4 जुलाई 2023 को पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष बने जाखड़
गौरतलब है कि 4 जुलाई 2023 को बीजेपी हाईकमान ने पंजाब में बड़ा फेरबदल किया था। हाईकमान ने दिग्गज नेता सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) को पंजाब बीजेपी का नया चीफ (Punjab BJP Chief) बनाया था। पहले यह अहम पद अश्वनी शर्मा संभाल रहे थे। हालांकि लगभग 1 साल में जाखड़ के पंजाब बीजेपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने की खबर भी सामने आई थी। पंजाब लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन न कर पाने से जाखड़ ने इस्तीफा दे दिया था। लेकिन बीजेपी ने इस्तीफा मंजूर नहीं किया था। हालांकि दूसरी तरफ उनके इस्तीफे की खबरों को गलत भी बताया गया था।
वहीं यह भी मालूम रहे कि पंजाब प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले जाखड़ को दिसंबर 2022 में बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य भी नियुक्त किया गया था. सुनील जाखड़ 14 मई 2022 को कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर 19 मई 2022 को बीजेपी में शामिल हो गए थे। सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस के भी प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।