सुनील जाखड़ का 'आप' सरकार पर प्रहार: संदीप पाठक मामले में राज्यपाल से करेंगे मुलाकात; CBI जांच की मांग

सुनील जाखड़ का 'आप' सरकार पर प्रहार: संदीप पाठक मामले में राज्यपाल से करेंगे मुलाकात; CBI जांच की मांग

Sunil Jakhar attacks AAP government: Will meet Governor in Sandeep Pathak case

Sunil Jakhar attacks AAP government: Will meet Governor in Sandeep Pathak case

चंडीगढ़। राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि वह जल्द ही पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देंगे।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में जाखड़ ने बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को विस्तृत तथ्य सौंपेगा, ताकि मामले में पारदर्शिता बनी रहे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

सुनील जाखड़ ने आप पर बोला हमला

जाखड़ ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी नेतृत्व को घेरते हुए कहा कि ऐसे मामलों में स्पष्टता जरूरी होती है, लेकिन सरकार ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब राजनीतिक बयानबाजी और वास्तविक मुद्दों के बीच फर्क समझने लगी है। जाखड़ के अनुसार, प्रदेश में कई अहम मुद्दे हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा, 'जिनके घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए।' जाखड़ ने इसे मौजूदा हालात से जोड़ते हुए कहा कि आरोप-प्रत्यारोप से पहले आत्ममंथन जरूरी है।


लालजीत भुल्लर से जुड़े मामले पर भी जाखड़ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विषय को भी गंभीरता से उठाया जाएगा और सात राज्यसभा सांसदों के हस्ताक्षर कराकर वह केंद्रीय गृह मंत्री से मिलेंगे। जाखड़ ने कहा कि वह इस मामले में सीबीआई जांच की मांग करेंगे, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

जाखड़ ने दोहराया कि राज्यपाल से मुलाकात के दौरान सभी तथ्यों को सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत सही मंच पर बात रखना जरूरी है, ताकि कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई हो सके।


जाखड़ ने कहा कि विधायक रमन अरोड़ा कल तक मुख्यमंत्री के करीबी बताए जा रहे थे, लेकिन बाद में उनके खिलाफ मामला दर्ज हो गया, जबकि विश्वास मत के दौरान उन्हें सुरक्षा भी दी गई। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब को मौजूदा स्थिति से बाहर निकालने के लिए किसी और को जिम्मेदारी दी जाए। जाखड़ ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पंजाब में राष्ट्रपति शासन के पक्ष में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में किसी को भी गलत तरीके से फायदा उठाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय आने पर सभी मामलों से निपटा जाएगा। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि राज्य को मौजूदा स्थिति से बाहर निकालने में भाजपा सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।