Chandigarh News: सेक्टर-11 फायरिंग के बाद अवैध PG और हॉस्टलों पर कार्रवाई की मांग, अजय जग्गा ने प्रशासक को लिखा पत्र

Chandigarh News: सेक्टर-11 फायरिंग के बाद अवैध PG और हॉस्टलों पर कार्रवाई की मांग, अजय जग्गा ने प्रशासक को लिखा पत्र

Demand for action against illegal PGs and hostels

Demand for action against illegal PGs and hostels

Chandigarh News:  सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद यूटी प्रशासन सलाहकार परिषद के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अजय जग्गा ने चंडीगढ़ में कानून-व्यवस्था और संसाधनों पर बढ़ते दबाव को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखकर शहर में अवैध रूप से संचालित पीजी, हॉस्टल और होटलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

जग्गा ने कहा कि सेक्टर-11 की घटना यह दर्शाती है कि शहर के संसाधनों और बुनियादी ढांचे पर बढ़ता दबाव कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में बड़ी संख्या में ऐसे लोग रह रहे हैं जिनका कोई उचित सत्यापन नहीं हुआ है और वे बिना पंजीकरण वाले पीजी, हॉस्टलों तथा होटलों में ठहरे हुए हैं।

अपने पत्र में उन्होंने कहा कि कई संस्थान पीजी के नाम पर संचालित हो रहे हैं, लेकिन वे निर्धारित नियमों और अनुमति प्रक्रियाओं का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन और पुलिस को संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाकर सभी किरायेदारों, पीजी निवासियों, हॉस्टल में रहने वालों और होटल मेहमानों का सत्यापन सुनिश्चित करना चाहिए।

अजय जग्गा ने मांग की कि बिना पंजीकरण और नियमों के विरुद्ध चल रहे पीजी, हॉस्टल और होटलों की पहचान कर उन्हें तत्काल बंद किया जाए। साथ ही उन्होंने पुलिस गश्त, निगरानी और खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने पर भी जोर दिया ताकि आपराधिक तत्व किसी भी प्रकार की कानूनी खामियों का फायदा न उठा सकें।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जग्गा ने प्रशासन से इस मुद्दे पर तत्काल समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।