हैंड ग्रेनेड मामले में STF का बड़ा एक्शन, दो और आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Sunday, 17 May, 2026
STF Arrests Two More
शुगर मिल के पास स्थित महादेव मोटर यार्ड में खड़ी स्क्रैप कार से मिले हैंड ग्रेनेड मामले में जांच एजेंसियों और Special Task Force Haryana को बड़ी सफलता मिली है। मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिहोवा निवासी बलजीत और ठोल गांव निवासी चंद्रपाल के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया है कि इन्हीं आरोपियों ने गुप्ता ईंट भट्टे के पास हैंड ग्रेनेड छुपाए थे। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के निर्देश पर कई बार इस स्थान पर ग्रेनेड छुपाने और निकालने का काम कर चुके हैं।
जांच अधिकारी दलजीत सिंह के मुताबिक दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सूर्य प्रताप सिंह उर्फ नोनी राणा से पुलिस रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई। वहीं नोनी राणा का रिमांड पूरा होने के बाद उसे भी जेल भेज दिया गया है।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि विदेश से निर्देश मिलने के बाद सूर्य प्रताप सिंह उर्फ नोनी ने एक हैंड ग्रेनेड उठाकर अपनी वर्कशॉप में खड़ी स्क्रैप कार में छुपा दिया था। हालांकि दूसरा ग्रेनेड किसने उठाया और उसे कहां ले जाया गया, इस बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
जांच एजेंसियों और STF के लिए अब दूसरा हैंड ग्रेनेड बरामद करना सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि जब तक दूसरा ग्रेनेड बरामद नहीं होता, तब तक किसी बड़ी वारदात या हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।